International Yoga Day 2026: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को कोलकाता में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी अगुवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। शहर के ऐतिहासिक रेड रोड पर होने वाले इस आयोजन में करीब 30 हजार लोग प्रत्यक्ष रूप से योगाभ्यास करेंगे, जबकि देश और दुनिया भर से लाखों लोग वर्चुअल माध्यम से इसमें शामिल होंगे। आयुष मंत्रालय की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
सुबह पांच बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
आयुष मंत्रालय के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत सुबह पांच बजे होगी। इसके बाद निर्धारित समय के अनुसार कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत योगाभ्यास कराया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी प्रतिभागियों के साथ योग करेंगे और बाद में उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
हुगली नदी पर बन सकता है नया रिकॉर्ड
इस बार योग दिवस समारोह का एक विशेष आकर्षण हुगली नदी पर होने वाला सामूहिक योगाभ्यास होगा। जानकारी के अनुसार 500 से अधिक नावों पर योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजकों को उम्मीद है कि यह अनोखा आयोजन विश्व रिकॉर्ड की श्रेणी में जगह बना सकता है। नदी के किनारे और आसपास के क्षेत्रों में भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
यह भी देखेंःNew Car Turns Death Trap: नई कार बनी काल, 100 मीटर गहरी खाई में गिरकर जली; दो लोगों की दर्दनाक मौत
देशभर की 100 ऐतिहासिक जगहों पर योग उत्सव
योग दिवस को लेकर संस्कृति मंत्रालय और अन्य संबंधित संस्थाएं देश की 100 प्रमुख ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं। इनमें लाल किला, हरिद्वार, कोणार्क, हम्पी, महाबलीपुरम, नालंदा, सारनाथ और लेह जैसे महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य भारत की सांस्कृतिक विरासत और योग परंपरा के बीच संबंध को और मजबूत करना है।
योग को जन आंदोलन बनाने पर जोर
आयुष मंत्रालय ने बताया कि योग संगम पोर्टल पर छह लाख से अधिक संगठनों ने पंजीकरण कराया है, जो योग के प्रति बढ़ती जागरूकता और उत्साह को दर्शाता है। मंत्रालय का मानना है कि योग अब केवल एक स्वास्थ्य गतिविधि नहीं बल्कि जन आंदोलन का रूप ले चुका है। सरकार और विभिन्न संस्थाएं मिलकर योग को वैश्विक स्तर पर और अधिक लोकप्रिय बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही हैं।