
अब तक क्विक कॉमर्स कंपनियां 10 से 15 मिनट में शहर के अंदर तक सामान पहुंचाने का काम कर रही थीं, लेकिन अब इस तरह की डिलीवरी की रफ्तार आसमान छूने वाली है. दरअसल अमेरिकी कंपनी Inversion ने ऐसा स्पेस डिलीवरी व्हीकल तैयार किया है, जो कि केवल 60 मिनट में ही दुनिया के किसी भी कोने में पार्सल पहुंचाने का काम आसानी से कर सकता है. जो कि लॉजिस्टिक्स सेक्टर में अब तक का सबसे बड़ा कदम माना जा रहा है.
क्या है Inversion का Arc Vehicle
बताया जा रहा है कि Inversion ने अपने इस अनोखे स्पेसक्राफ्ट का नाम Arc (आर्क) रखा है. यह एक Re-Entry Vehicle है यानी कि यह अंतरिक्ष में जाकर दोबारा पृथ्वी के वायुमंडल में लौटने की क्षमता रखता है. Arc का आकार करीब 8 फीट लंबा और 4 फीट चौड़ा है, और ये एक बार में 227 किलोग्राम तक का सामान ले जाने में सक्षम है. यह वाहन धरती से करीब 1000 किलोमीटर ऊपर अंतरिक्ष में जाएगा और वहां से लक्ष्य स्थान की ओर रवाना होकर पैराशूट की मदद से सुरक्षित लैंडिंग करेगा.
25,000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भरेगा उड़ान
Arc Vehicle की स्पीड किसी रॉकेट से कम नहीं है. ये वाहन 25,000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भर सकता है. यह पूरी तरह से ऑटोनोमस यानी स्वचालित सिस्टम पर आधारित है और इस वाहन को कई बार दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है. कंपनी का दावा है कि यह तकनीक न केवल तेज़ है, बल्कि पारंपरिक हवाई या समुद्री परिवहन की तुलना में कम खर्चीली भी साबित होने वाली है.
5 साल तक अंतरिक्ष में सक्रिय रह सकता है Arc Vehicle
एक्सपर्ट्स की मानें तो यह तकनीक केवल सामान की डिलीवरी तक ही सीमित नहीं रहेगी. युद्ध या आपदा की स्थिति में यह वाहन बेहद उपयोगी साबित हो सकता है, क्योंकि इसके जरिए तुरंत दवाइयां, उपकरण या अन्य जरूरी सामान एक जगह से दूसरी जगह पर भेजा जा सकेगा. वहीं कंपनी ने बताया कि Arc Vehicle 5 साल तक अंतरिक्ष में सक्रिय रह सकता है, जिससे यह रणनीतिक और सैन्य कार्यों में भी मदद कर सकेगा.
इसे भी पढ़ें : Haryana के ADGP ने किया सुसाइड, प्रशासनिक अमला मौके पर, पुलिस विभाग में शोक की लहर, जानें कौन थे YS Puran?
कीमत और लॉन्च डेट का खुलासा अब तक नहीं
फिलहाल Inversion ने अब तक इस सर्विस की कीमत और लॉन्च डेट का खुलासा नहीं किया है लेकिन कंपनी ने जानकारी देते हुए बताया कि ये तकनीक आने वाले समय में डिलीवरी का चेहरा पूरी तरह बदल कर रख देगी. जैसे क्विक कॉमर्स ने शहरों के अंदर डिलीवरी को आसान बना दिया है, वैसे ही Inversion का Arc Vehicle ग्लोबल डिलीवरी को मिनटों में संभव बनाने का काम करेगा.