IPL 2025: इंडियन क्रिकेट टीम ने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसे सुनकर हर फैन का सीना गर्व से चौड़ा हो जाएगा. शुभमन गिल की कप्तानी में खेल रही युवा टीम इंडिया ने इंग्लैंड को उसी की धरती पर एजबेस्टन टेस्ट में 336 रन से करारी मात दी है. ये जीत सिर्फ एक टेस्ट मैच नहीं, बल्कि 58 साल का इंतजार खत्म होने की कहानी है. इस जीत के हीरो खुद कप्तान शुभमन गिल बने, जिन्होंने पहली पारी में 269 रन और दूसरी में 161 रन ठोककर मैदान में आग लगा दी. इससे पहले कोई भी भारतीय बल्लेबाज इंग्लैंड में इतना बड़ा स्कोर नहीं बना सका था. यही नहीं, गिल की ये कप्तानी टेस्ट में उनकी पहली थी और उन्होंने इसे यादगार बना दिया.
आकाश दीप के आगे 'अंग्रेजों' का सरेंडर
आपको बता दें मैच की शुरुआत में बारिश ने कुछ देर के लिए रुकावट डाली, लेकिन जैसे ही खेल शुरू हुआ, टीम इंडिया ने ऐसा चक्रव्यूह रचा कि अंग्रेजों के पसीने छूट गए. भारत ने कुल 608 रनों का टारगेट इंग्लैंड को दिया, जिसके जवाब में पूरी इंग्लिश टीम धराशायी हो गई. बॉलिंग में भी भारत ने कमाल किया. तेज़ गेंदबाज आकाश दीप ने एक ही मैच में 10 विकेट झटके. पहली पारी में 4 और दूसरी में 6 विकेट लेकर उन्होंने चेतन शर्मा के बाद इंग्लैंड में ऐसा कमाल करने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बन गए.
जीत के साथ खुला भारत का WTC में खाता
आपको जानकर हैरानी होगी कि भारत ने एजबेस्टन में अब तक 8 टेस्ट मैच खेले थे जिसमें 7 हारे और सिर्फ एक ड्रॉ किया था लेकिन इस बार गिल की टीम ने न सिर्फ इंग्लैंड को हराया बल्कि टेस्ट इतिहास का नया पन्ना भी लिखा. इस जीत के साथ WTC (वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप) में भारत का खाता भी खुल गया है और सीरीज अब 1-1 से बराबरी पर आ गई है. यही नहीं, क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने भी गिल एंड टीम की तारीफ की है. यानी ये सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि गिल की कप्तानी में टीम इंडिया के लिए नए युग की शुरुआत है.