आईपीएल 2025 का सीजन सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए निराशाजनक रहा. 14 मुकाबलों में से केवल 6 में जीत हासिल कर सकी टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई. पिछली बार शानदार प्रदर्शन करने वाली एसआरएच इस बार बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अपनी लय खो बैठी.
कमजोर प्रदर्शन वाले खिलाड़ी होंगे बाहर
सीजन के खत्म होते ही टीम मैनेजमेंट और मालकिन काव्या मारन अब नए सिरे से रणनीति बनाने में जुट गई हैं. टीम कुछ कमजोर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को रिलीज करने की तैयारी में है. मोहम्मद शमी, कामिंदु मेंडिस, अथर्व तायडे, सचिन बेबी, राहुल चाहर और वियान मूल्डर जैसे नाम इस लिस्ट में हो सकते हैं. शमी 9 मैचों में सिर्फ 6 विकेट ले पाए, जबकि उनका इकॉनमी भी बेहद खराब रहा.
मिनी ऑक्शन में होगी नई खोज
मिनी ऑक्शन SRH के लिए एक नया मौका लेकर आएगा. टीम नए चेहरों की तलाश में कुछ बड़े नामों को निशाना बना सकती है. साथ ही, ट्रेड विंडो का भी भरपूर इस्तेमाल किया जा सकता है ताकि कमजोरियों को दूर किया जा सके.
कोर ग्रुप बना रहेगा टीम की रीढ़
हालांकि, टीम अपने कोर ग्रुप को बरकरार रखेगी. हेनरिच क्लासेन, पैट कमिंस, ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा और नितीश रेड्डी जैसे खिलाड़ी टीम की ताकत बने हुए हैं. इनके अलावा इशान किशन और हर्षल पटेल ने भी अच्छा प्रदर्शन कर भरोसा कायम रखा है. अब देखना होगा कि अगले सीजन में SRH वापसी कर पाती है या नहीं.