अबू धाबी के एतिहाद एरीना में हुए IPL 2026 ऑक्शन ने इस बार पैसों का नया रिकॉर्ड बना दिया। कुल 369 खिलाड़ियों पर बोली लगी, लेकिन सिर्फ 77 खिलाड़ी ही बिक सके। इनमें 48 भारतीय और 29 विदेशी खिलाड़ी शामिल रहे। फ्रेंचाइजियों ने मिलकर करीब 215.45 करोड़ रुपये खर्च किए, लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि इस पूरी रकम का लगभग 40 फीसदी हिस्सा सिर्फ 5 खिलाड़ियों पर लुटा दिया गया। यानी ऑक्शन भले लंबा चला हो, लेकिन असली खेल कुछ बड़े नामों के इर्द गिर्द ही सिमट गया। यही वजह है कि IPL 2026 की नीलामी को अब तक की सबसे हाई वोल्टेज नीलामी माना जा रहा है।
कैमरन ग्रीन ने तोड़ा रिकॉर्ड
इस ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन रहे। कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 25 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदकर इतिहास रच दिया। ग्रीन अब IPL इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन चुके हैं। उनका बेस प्राइस सिर्फ 2 करोड़ था, लेकिन बोली लगते ही रकम आसमान छूने लगी। इससे पहले 2023 में ग्रीन 17.50 करोड़ में बिके थे। KKR ने ग्रीन पर भरोसा दिखाकर साफ कर दिया कि टीम इस बार बड़े नामों पर बड़ा दांव लगाने से पीछे नहीं हटेगी।
KKR और CSK का भारी निवेश
केकेआर ने सिर्फ ग्रीन पर ही नहीं रुकी, बल्कि श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को भी 18 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ लिया। यानी केकेआर ने सिर्फ दो खिलाड़ियों पर 43.20 करोड़ खर्च कर दिए। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स ने अनकैप्ड खिलाड़ियों पर इतिहास रच दिया। सीएसके ने कार्तिक शर्मा को 14.20 करोड़ में खरीदा और उतनी ही रकम प्रशांत वीर पर भी लगा दी। दो अनकैप्ड खिलाड़ियों पर 28.40 करोड़ खर्च करना अपने आप में बड़ा संकेत है कि फ्रेंचाइजियां अब सिर्फ नाम नहीं, भविष्य पर पैसा लगा रही हैं।
इसे भी पढ़ें : Dhoni का 'मास्टरस्ट्रोक', CSK का इन 4 खिलाड़ियों पर बरसा खजाना, IPL का खेल पलटा, जानें कैसे ?
5 खिलाड़ियों पर गया 40 फीसदी पैसा
सनराइजर्स हैदराबाद ने भी इस रेस में पीछे नहीं रहते हुए इंग्लैंड के लियाम लिविंगस्टोन को 13 करोड़ रुपये में खरीद लिया। खास बात यह रही कि पहले राउंड में लिविंगस्टोन अनसोल्ड रहे थे, लेकिन दूसरे मौके में उनकी किस्मत चमक गई। अगर इन पांच खिलाड़ियों को देखें तो कैमरन ग्रीन, मथीशा पथिराना, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर और लियाम लिविंगस्टोन पर करीब 86 करोड़ रुपये खर्च किए गए। कुल 215 करोड़ के बजट में से इतनी बड़ी रकम सिर्फ 5 नामों पर जाना दिखाता है कि IPL 2026 में टीमों ने रणनीति नहीं बदली, बल्कि दांव और भी ज्यादा बड़ा कर दिया है।