आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं। उन्होंने गुजरात के खिलाफ 4 ओवर में 42 रन दिए और कोई विकेट नहीं लिया। इसके बाद चेन्नई के खिलाफ भी वह 41 रन लुटाकर विकेट लेने में नाकाम रहे। उनका एक ओवर 11 गेंदों का रहा, जिसने उनकी लय पर सवाल खड़े कर दिए।
सैमसन की खराब फॉर्म चिंता
संजू सैमसन का बल्ला भी इस सीजन खामोश नजर आ रहा है। तीन मैचों में उन्होंने 6, 7 और 9 रन बनाए हैं, जो उनकी काबिलियत के मुताबिक बेहद कम है। हाल ही में शानदार प्रदर्शन करने वाले सैमसन की यह गिरती फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय बन गई है।
ग्रीन नहीं दिखा पाए असर
कोलकाता नाइट राइडर्स के महंगे खिलाड़ी कैमरन ग्रीन भी अब तक फ्लॉप साबित हुए हैं। वह चोट के कारण गेंदबाजी नहीं कर सके और बल्लेबाजी में भी ज्यादा योगदान नहीं दे पाए। दो मैचों में उनके नाम सिर्फ 20 रन के आसपास ही रहे, जिससे उनकी कीमत पर सवाल उठने लगे हैं।
राहुल का बल्ला भी खामोश
दिल्ली कैपिटल्स के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके हैं। दो पारियों में वह सिर्फ 1 रन ही बना पाए हैं। टीम को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन उनकी खराब फॉर्म ने टीम के संतुलन को प्रभावित किया है।
इसे भी पढ़ें : CSK पर Ashwin का बड़ा खुलासा, खराब माहौल ने कर दिया संन्यास का फैसला तेज
वरुण चक्रवर्ती की लय गायब
वरुण चक्रवर्ती भी शुरुआती मैचों में प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। उन्होंने मुंबई के खिलाफ 48 रन और हैदराबाद के खिलाफ 31 रन खर्च किए। उनकी गेंदबाजी में लाइन-लेंथ की कमी साफ नजर आई, जिससे बल्लेबाजों को रन बनाने में आसानी हुई।
अब वापसी पर टिकी नजर
पहले हफ्ते के प्रदर्शन ने इन खिलाड़ियों पर सवाल जरूर खड़े किए हैं, लेकिन अभी टूर्नामेंट लंबा है। सभी टीमों को उम्मीद होगी कि ये स्टार खिलाड़ी जल्द ही फॉर्म में लौटेंगे और अपने प्रदर्शन से मैच का रुख बदलेंगे। आने वाले मुकाबले तय करेंगे कि ये खिलाड़ी आलोचनाओं का जवाब कैसे देते हैं।