आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले बोर्ड ने कई नए नियम लागू कर दिए हैं, जिससे टीमों और खिलाड़ियों के बीच हलचल बढ़ गई है। 28 मार्च से शुरू होने वाले इस सीजन के लिए जारी गाइडलाइंस में कई अहम बदलाव किए गए हैं। इन नियमों का मकसद टूर्नामेंट को ज्यादा अनुशासित और व्यवस्थित बनाना है। अब खिलाड़ियों को हर छोटी-बड़ी चीज का ध्यान रखना होगा, नहीं तो कार्रवाई हो सकती है।
जर्सी को लेकर सख्त निर्देश
इस बार खिलाड़ियों के ड्रेस कोड पर खास ध्यान दिया गया है। मैच के बाद होने वाली अवॉर्ड सेरेमनी में स्लीवलेस जर्सी पहनने पर रोक लगा दी गई है। अगर कोई खिलाड़ी बिना बांह वाली जर्सी में आता है तो पहले चेतावनी दी जाएगी और दोबारा ऐसा करने पर जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा सबसे ज्यादा रन और विकेट लेने वाले खिलाड़ियों को तय कैप पहनना भी जरूरी होगा।
प्रैक्टिस और मैच डे के नए नियम
प्रैक्टिस सेशन को लेकर भी सख्ती बढ़ा दी गई है। हर टीम को सीमित नेट और अभ्यास का समय दिया जाएगा। कोई भी टीम दूसरी टीम के अभ्यास क्षेत्र का इस्तेमाल नहीं कर सकेगी। साथ ही मैच के दिन प्रैक्टिस और फिटनेस टेस्ट पूरी तरह से बैन कर दिए गए हैं। इससे पिच और खिलाड़ियों दोनों की स्थिति बेहतर बनाए रखने की कोशिश की गई है।
परिवार और यात्रा पर भी सख्ती
खिलाड़ियों के परिवारों को लेकर भी नए नियम लागू किए गए हैं। अब परिवार के सदस्य मैदान में जाकर अभ्यास नहीं देख सकेंगे। उन्हें सिर्फ तय जगह से ही देखने की अनुमति होगी। इसके अलावा खिलाड़ियों को अभ्यास और मैच के लिए टीम बस से ही यात्रा करनी होगी, जिससे अनुशासन बनाए रखा जा सके।
इसे भी पढ़ें : Dhoni को रिटायर होने की सलाह, डगआउट से टीम नहीं चलती बयान से बढ़ा विवाद
अन्य नियम भी हुए लागू
बीसीसीआई ने यह भी कहा है कि अगर किसी खिलाड़ी के जर्सी नंबर में बदलाव होता है तो इसकी जानकारी 24 घंटे पहले देनी होगी। खुले नेट अभ्यास पर भी रोक लगा दी गई है। इन सभी नियमों का मकसद है कि सभी टीमों के बीच बराबरी बनी रहे और कोई भी टीम अतिरिक्त फायदा न उठा सके।
शेड्यूल का इंतजार जारी
आईपीएल 2026 का पहला चरण का शेड्यूल जारी किया जा चुका है, जिसमें शुरुआती मुकाबले तय हैं। बाकी मैचों का कार्यक्रम जल्द घोषित किया जाएगा। चुनावी कार्यक्रमों के कारण पूरा शेड्यूल एक साथ जारी नहीं किया गया है। जैसे ही स्थिति साफ होगी, पूरा कार्यक्रम सामने आ जाएगा और फैंस को पूरे सीजन की तस्वीर मिल जाएगी।