आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले सभी टीमों के कप्तानों की एक अहम बैठक हुई, जिसमें नए नियमों और बदलावों को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने साफ कर दिया है कि इस बार किसी भी तरह की ‘चालाकी’ बर्दाश्त नहीं होगी। अगर कोई खिलाड़ी या टीम नियमों के साथ खेलती नजर आई तो उसे सीधा नुकसान उठाना पड़ेगा।
बाउंड्री कैच पर खत्म हुई ‘बनी हॉप’ चालाकी
इस सीजन का सबसे बड़ा बदलाव फील्डिंग से जुड़ा है। अब ‘बनी हॉप’ स्टाइल में कैच लेना लगभग खत्म हो गया है। पहले खिलाड़ी बाउंड्री के बाहर हवा में रहते हुए कई बार गेंद को उछालकर कैच पूरा कर लेते थे। लेकिन अब नियम के तहत फील्डर सिर्फ एक बार ही गेंद को हवा में उछाल सकता है। अगर उसने दूसरी बार गेंद को छुआ, तो वह कैच नहीं बल्कि सीधा छक्का माना जाएगा। इससे मैच का रुख भी पलट सकता है।
शॉर्ट रन पर अब बड़ा खतरा
शॉर्ट रन के नियम में भी बड़ा बदलाव किया गया है। पहले अंपायर तय करते थे कि किस बल्लेबाज को स्ट्राइक मिलेगी, लेकिन अब यह अधिकार फील्डिंग टीम के कप्तान को दे दिया गया है। अगर बल्लेबाज जानबूझकर शॉर्ट रन लेता है, तो 5 रन की पेनल्टी के साथ कप्तान कमजोर बल्लेबाज को स्ट्राइक पर भेज सकता है। ऐसे में आखिरी ओवर में मैच पलट सकता है और बल्लेबाजी टीम को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
बल्ले की जांच होगी बेहद सख्त
इस बार बल्लेबाजों के बल्ले की जांच को भी बेहद सख्त कर दिया गया है। अब हर खिलाड़ी को मैदान पर उतरने से पहले अपने बल्ले को तय माप के सांचे से पास कराना होगा। चौथे अंपायर के पास विशेष माप यंत्र रहेगा, जिससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि बल्ला नियमों के अनुसार ही है। थोड़ी सी भी गड़बड़ी मिलने पर खिलाड़ी को तुरंत रोका जा सकता है।
नियम तोड़ने पर सीधा नुकसान तय
इन नए नियमों का साफ संदेश है कि अब मैदान पर किसी भी तरह की होशियारी या नियमों से खेलने की कोशिश भारी पड़ सकती है। छोटी सी गलती भी टीम को मैच गंवा सकती है। इसलिए खिलाड़ियों और कप्तानों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत होगी।
IPL 2026 में बदलेगा खेल का अंदाज
इन बदलावों के बाद आईपीएल 2026 में खेल का अंदाज पहले से ज्यादा अनुशासित और सख्त नजर आएगा। अब जीत सिर्फ प्रदर्शन से नहीं बल्कि नियमों का सही पालन करने से भी तय होगी। यही वजह है कि इस बार मुकाबले और भी ज्यादा रोमांचक और संतुलित देखने को मिल सकते हैं।