इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के प्लेऑफ और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पाकिस्तान दौरे की तारीखों में सीधा टकराव सामने आया है। IPL 2026 का फाइनल 31 मई को अहमदाबाद में खेला जाना है जबकि ऑस्ट्रेलिया को 30 मई से पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू करनी है। पहला मुकाबला रावलपिंडी में होगा। इस टकराव के कारण ऑस्ट्रेलिया की टीम को बड़ा झटका लग सकता है क्योंकि उसके कई स्टार खिलाड़ी अभी IPL टीमों के साथ जुड़े हुए हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुताबिक खिलाड़ी तब तक अपनी फ्रेंचाइजी के साथ रहेंगे जब तक उनकी टीम टूर्नामेंट से बाहर नहीं हो जाती।
स्टार खिलाड़ियों पर संकट
ऑस्ट्रेलिया की टीम 23 मई को पाकिस्तान पहुंचने वाली है लेकिन टीम के कई बड़े खिलाड़ी IPL में व्यस्त हैं। पैट कमिंस, ट्रैविस हेड और टिम डेविड जैसे खिलाड़ी अपनी-अपनी IPL टीमों के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में अगर उनकी टीमें प्लेऑफ या फाइनल तक पहुंचती हैं तो वे पाकिस्तान सीरीज के शुरुआती मुकाबलों में उपलब्ध नहीं रहेंगे। यही वजह है कि ऑस्ट्रेलिया को कमजोर टीम के साथ पाकिस्तान दौरे पर उतरना पड़ सकता है।
पाकिस्तान की बढ़ी चिंता
यह वनडे सीरीज पाकिस्तान के लिए काफी अहम मानी जा रही है क्योंकि चार साल बाद ऑस्ट्रेलिया वहां कोई द्विपक्षीय वनडे सीरीज खेलने जा रहा है। आखिरी बार 2022 में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान का दौरा किया था। हालांकि इसी साल पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में 3-0 से जीत हासिल की थी। अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को उम्मीद थी कि इस बार उसे ऑस्ट्रेलिया की पूरी ताकत वाली टीम मिलेगी लेकिन IPL के कारण स्थिति बदलती नजर आ रही है। PCB के लिए यह व्यावसायिक और क्रिकेट दोनों लिहाज से चिंता की बात मानी जा रही है।
IPL बना सबसे बड़ा कारण
IPL का लीग चरण 24 मई को खत्म होगा जबकि प्लेऑफ 26 मई से शुरू होंगे। कई टीमों में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की बड़ी संख्या है। खासतौर पर पंजाब किंग्स जैसी टीमों में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी अहम भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया खिलाड़ियों को बीच टूर्नामेंट वापस बुलाने के पक्ष में नहीं दिख रहा। बोर्ड का मानना है कि खिलाड़ी अपने फ्रेंचाइजी अनुबंध का सम्मान करें। यही वजह है कि पाकिस्तान सीरीज की तैयारियों पर असर पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Surya की कप्तानी पर संकट, Shreyas Iyer बन सकते हैं टीम इंडिया के नए T20 कप्तान, ये है कारण
नई बहस हुई शुरू
इस पूरे मामले ने एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट और फ्रेंचाइजी क्रिकेट के बीच बढ़ते टकराव की बहस को तेज कर दिया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अब यह तय करने में जुटा है कि वह पाकिस्तान दौरे पर नए खिलाड़ियों को मौका देगा या कुछ स्टार खिलाड़ियों को IPL छोड़कर बुलाएगा। फिलहाल सबसे ज्यादा नजर इस बात पर टिकी है कि ऑस्ट्रेलिया आखिर पाकिस्तान के खिलाफ किस तरह की टीम मैदान में उतारता है।