पिछले आईपीएल सीजन की निराशाजनक तस्वीर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स इस बार बिल्कुल बदले अंदाज़ में ऑक्शन टेबल पर उतरी। जिस CSK को सीनियर खिलाड़ियों की टीम कहा जाता रहा, उसी टीम ने IPL 2026 ऑक्शन में इतिहास पलट दिया। जैसे ही यूपी के 20 साल के ऑलराउंडर प्रशांत वीर का नाम आया, बोली रुकने का नाम ही नहीं ले रही थी। 14 करोड़ 20 लाख की बोली लगते ही पूरा ऑक्शन हॉल सन्न रह गया। प्रशांत वीर आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी बन गए। यहीं से साफ हो गया कि धोनी इस बार सिर्फ टीम नहीं, आने वाले सालों की नींव रख रहे हैं।
अमेठी से IPL तक, आंकड़ों ने बनाया स्टार
उत्तर प्रदेश के अमेठी से निकलकर आईपीएल के सबसे बड़े मंच तक पहुंचना आसान नहीं होता, लेकिन प्रशांत वीर ने अपने प्रदर्शन से सबको मजबूर कर दिया। बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर प्रशांत वीर ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बल्ले और गेंद दोनों से असर दिखाया। करीब 170 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए और 6 से कम की इकॉनमी से विकेट चटकाए। कम मैचों के बावजूद उनकी निरंतरता और आत्मविश्वास ने चेन्नई मैनेजमेंट को प्रभावित किया। यही वजह रही कि CSK ने उन्हें रवींद्र जडेजा के भविष्य के विकल्प के तौर पर देखा और खुलकर पैसा लगाया।
चोट से वापसी, जज्बे ने बदली कहानी
प्रशांत वीर का सफर आसान नहीं रहा। दिल्ली के नेशनल स्टेडियम में कैच लेते समय गेंद सीधे आंख पर लगी और सात टांके आए। एक वक्त ऐसा था जब करियर खत्म होने का डर सताने लगा। लेकिन यहीं से उनके जज्बे की असली परीक्षा शुरू हुई। अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी में उन्होंने जोरदार वापसी की। 7 मैचों में 376 रन, 19 छक्के और 18 विकेट लेकर वह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने। इसी प्रदर्शन ने उन्हें दोबारा बड़ी क्रिकेट की दौड़ में खड़ा कर दिया और IPL का दरवाजा खोल दिया।
इसे भी पढ़ें : दो बार खाली हाथ, तीसरी बार किस्मत ने पलटा खेल, Tejasvi Dahiya की पढ़ें अनदेखी से ऑक्शन हीरो बनने की कहानी
मां-बाप की आंखों में आंसू, गांव में जश्न
ऑक्शन में जैसे ही प्रशांत वीर पर पैसों की बारिश हुई, सबसे भावुक पल उनके परिवार के लिए आया। पिता जो शिक्षा मित्र हैं, कैमरे के सामने गर्व से भरे नजर आए। मां बार-बार यही कहती दिखीं कि मेहनत कभी बेकार नहीं जाती। अमेठी में मिठाइयां बंटी और गांव वालों ने इसे अपनी जीत बताया। खुद प्रशांत वीर पहले ही कह चुके थे कि उनका सपना सिर्फ CSK के लिए खेलना है और वह धोनी को अपना आदर्श मानते हैं। अब वही सपना सच हो चुका है। फैंस को उम्मीद है कि धोनी की छाया में यह यूपी का लाल IPL 2026 में सिर्फ खेलेगा नहीं, बल्कि पूरे सीजन में गर्दा उड़ाएगा।