वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई के चार शेरों ने दिल्ली की धज्जियां उड़ाकर आईपीएल का इतिहास पलट दिया. 360 सूर्यकुमार यादव ने ऐसी तबाही मचाई दिल्ली के गेंदबाजों के पैर कांप गए. सूर्य के बाद बुमराह और मिचल सैंटनर ने भी कोहराम मचाकर दिल्ली को ध्वस्त कर दिया.
नमनधीर और सूर्य कुमार यादव ने मचाई तबाही
दरअसल दिल्ली और मुंबई दोनों को हर हाल में जीत चाहिए थी. दिल्ली ने शुरुआत के 10 ओवर में घातक गेंदबाजी के दम पर मुंबई की सांसे रोक दी थी. शुरुआत में ही मुंबई के बड़े-बड़े बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए थे. वानखेड़े में अपने नाम का स्टैंड बनने के बाद रोहित शर्मा पहली बार बल्लेबाजी करने के लिए मैदान में आए थे. लेकिन पांच रन बनाकर रोहित शर्मा मुस्तफिजुर रहमान का शिकार बन गए. रियान रिकेटन ने 25 और विल जेक्स ने 21 रन बनाए थे. तिलक वर्मा भी 27 गेंदों में 27 रन बनाकर चले गए थे. कप्तान हार्दिक पांड्या ने छह गेंदों में सिर्फ तीन रन बनाए थे. ऐसा लग रहा था मुंबई मुकाबला हार जाएगी क्योंकि मुंबई के 17 ओवर में सिर्फ 123 रन बने थे और पांच विकेट गिर चुके थे लेकिन इसके बाद नमनधीर और सूर्य कुमार यादव ने ऐसी तबाही मचाई दिल्ली के गेंदबाजों के लिए कयामत की रात बन गई.
दिल्ली की टीम ने किया 121 रन पर सरेंडर
आखिरी दो ओवर में नमनधीर और सूर्य कुमार यादव ने 48 रन ठोक कर मुंबई का स्कोर 180 पहुंचा दिया और दिल्ली के सामने 181 रनों का टारगेट खड़ा किया. सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 43 गेंदों में 73 रनों की विस्फोटक पारी खेली. चार छक्के और सात चौके लगाए थे. नमन धीर ने आठ गेंदों में 24 रन बनाए थे. यानी मुंबई के बल्लेबाजों ने अपनी पूरी पारी में 10 और 14 चौके लगाकर बड़ा टारगेट खड़ा किया था. अब दिल्ली की ओपनिंग जोड़ी मैदान में आती है के एल राहुल और फ़फ डुप्लेसी ने आते के साथ ही सरेंडर कर दिया. फ़फ डुप्लेसी छह रन बनाकर चहर का शिकार बने और के एल राहुल ने ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर 11 रन के निजी स्कोर पर कैच खड़ा कर दिया. अभिषेक पोरेल भी छह रन बनाकर पवेलियन चले गए थे. समीर रिवी ने दिल्ली का सम्मान बचाने की कोशिश की लेकिन 35 गेंदों में 39 रन बनाकर समीर रिवी भी क्लीन बोल्ड हो गए. विपराज निगम ने अटैक किया था लेकिन 20 रन बनाकर विपराज भी सेंटनर के जाल में फंस गए. ट्रिस्टन स्टफ्स आज फ्लॉप साबित हुए. सिर्फ दो रन बना पाए और आशुतोष शर्मा 16 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हो गए. माधव तिवारी ने तीन और दुष्यवंता चमीरा ने आठ रन बनाए थे. कुलदीप यादव ने सात रन बनाए यानी दिल्ली की पूरी टीम 121 रन बनाकर ऑल आउट हो गई और मुंबई ने इस मुकाबले को 59 रनों के विशाल अंतर से अपने नाम किया.
प्लेऑफ में पहुंचने वाली मुंबई चौथी टीम
मुंबई ने जैसे ही दिल्ली को हराया तो मुंबई प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई. मैच जीतने के बाद हार्दिक पांड्या सबसे पहले ग्राउंड स्टाफ के पास पहुंचे और वानखेड़े स्टेडियम के हर ग्राउंड स्टाफ को हार्दिक पांड्या ने गले लगाकर शुक्रिया कहा. जबकि मुंबई की पूरी टीम ने स्टेडियम का चक्कर लगाकर मुंबई के फैंस को शुक्रिया और थैंक यू कहा. दूसरी तरफ मैच हारने के बाद प्लेऑफ की रेस से बाहर हुई दिल्ली के ज्यादातर खिलाड़ी आंखों में आंसू लेकर बेहद उदास दिखाई दे रहे थे. कप्तान अक्षर पटेल चोट की वजह से आज नहीं खेले और दिल्ली को आज ही शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा.