क्रिकेट प्रेमियों के लिए बुरी खबर है। सरकार के नए GST 2.0 रिफॉर्म्स का सीधा असर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के टिकटों पर पड़ने वाला है। जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक में यह फैसला हुआ कि अब आईपीएल के टिकट लग्जरी कैटेगरी में आएंगे और उन पर 28% की बजाय 40% GST देना होगा। इसका मतलब है कि अब स्टेडियम में बैठकर क्रिकेट का मजा लेने के लिए फैंस को ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ेगी।
GST 2.0 से टिकट महंगे
पहले तक आईपीएल और अन्य बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स के टिकट पर 28% GST लगता था। इसमें 14-14% हिस्सा केंद्र और राज्य सरकार का होता था। लेकिन अब इन्हें 40% GST वाले स्लैब में डाल दिया गया है। इसी कैटेगरी में कैसिनो, रेस क्लब और लग्जरी आइटम भी शामिल हैं।
1000 की टिकट पर 1400 रुपये
पहले 1000 रुपये की टिकट पर फैंस को 1280 रुपये चुकाने पड़ते थे।
अब यही टिकट 1400 रुपये में मिलेगी।
500 रुपये की टिकट पहले 640 रुपये में आती थी, अब 700 रुपये में मिलेगी।
2000 रुपये की टिकट पहले 2560 में मिलती थी, लेकिन अब इसके लिए 2800 रुपये देने होंगे।
कब से लागू होंगे नए नियम?
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद सरकार ने स्पष्ट किया कि नए टैक्स स्लैब 22 सितंबर 2025 से लागू हो जाएंगे। यानी आईपीएल 2026 सीजन से टिकट खरीदना और भी महंगा हो जाएगा।
फैंस पर पड़ेगा असर
आईपीएल टीमों और बीसीसीआई की आय पर कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन दर्शकों की जेब पर इसका सीधा असर होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि स्टेडियम में मैच देखने वालों की संख्या घट सकती है, क्योंकि अब क्रिकेट को लग्जरी एंटरटेनमेंट की श्रेणी में डाल दिया गया है।