ईरान की सेना ने रविवार को दावा किया कि उसकी वायु रक्षा इकाइयों ने दक्षिणी बंदरगाह शहर बंदर अब्बास के ऊपर एक अमेरिकी ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया। ईरानी सेना ने अपनी वेबसाइट पर जारी बयान में कहा कि उसके वायु रक्षा तंत्र ने ड्रोन को मार गिराया। सेना के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में ईरान द्वारा रोका गया यह 54वां अमेरिकी ड्रोन है।
एमक्यू-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया
इससे पहले, इसी सप्ताह ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया था कि उसकी वायु रक्षा इकाइयों ने होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर एक अमेरिकी एमक्यू-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया।
डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि तेहरान वाशिंगटन के साथ किसी समझौते पर नहीं पहुंचता है, तो अमेरिकी सेना ईरान पर एक बार फिर सैन्य हमले कर सकती है। उनके बयान से संकेत मिलता है कि ईरान को निर्णायक रूप से हराने के दावे के बावजूद अमेरिका सैन्य कार्रवाई का विकल्प खुला रखे हुए है।
समझौते के लिए तैयार हो सकते हैं
ट्रंप ने शुक्रवार को फ्लोरिडा के फोर्ट मायर्स में रिपब्लिकन पार्टी की एक चुनावी रैली में समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, "हम एक और छोटा 'एपिक फ्यूरी' अभियान चला सकते हैं, या वे समझौते के लिए तैयार हो सकते हैं। अगर वे समझदार हैं, तो वे कहेंगे कि आइए, काम की बात करते हैं।"
ईरान परमाणु हथियार विकसित न कर सके
उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति सैन्य अभियान को सफल बताते हुए तेहरान पर ऐसा समझौता स्वीकार करने का दबाव बनाए रखना चाहते हैं, जिससे ईरान परमाणु हथियार विकसित न कर सके। हालांकि, ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि सैन्य कार्रवाई के एक और दौर को रोकने के लिए ईरान को किन शर्तों को पूरा करना होगा।