यूएई के दक्षिणी दुबई में रिहायशी घरों पर मंगलवार को मिसाइल को सफलतापूर्वक रोकने के बाद उसका मलबा गिरने से चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। दुबई सरकार के मीडिया ऑफिस की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, इस घटना को सुरक्षा के उच्चतम मानकों के अनुसार संभाला गया।
दो भारतीय नागरिकों को चोटें आई
दुबई सरकार के मीडिया ऑफिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट करते हुए कहा, अधिकारियों ने पुष्टि की है कि दक्षिणी दुबई में घरों पर मिसाइल को रोकने के दौरान गिरे मलबे से हुई इस घटना में दो भारतीय नागरिकों, एक बांग्लादेशी नागरिक और एक श्रीलंकाई नागरिक को मामूली चोटें आई हैं। इस घटना को सुरक्षा के उच्चतम मानकों के अनुसार संभाला गया। अपडेट के लिए आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।
चार एशियाई नागरिकों को मामूली चोटें आई हैं
दुबई सरकार के मीडिया ऑफिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, अधिकारियों ने पुष्टि की है कि वे दक्षिणी दुबई में रिहायशी घरों पर मिसाइल को सफलतापूर्वक रोकने के दौरान गिरे मलबे से हुई एक घटना पर कार्रवाई कर रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप संपत्ति को नुकसान पहुंचा है और चार एशियाई नागरिकों को मामूली चोटें आई हैं।
सैन्य अधिकारियों की मौत हो गई थी
यह घटना पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच सामने आई है। यह संघर्ष 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका की ओर से ईरान पर किए गए हमलों के बाद शुरू हुआ था, जिसके परिणामस्वरूप ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और शीर्ष सैन्य अधिकारियों की मौत हो गई थी।
ड्रोन और मिसाइल हमले शुरू किए
इसके जवाब में ईरान ने पश्चिम एशिया में अमेरिका और इजरायल की सुविधाओं, क्षेत्रीय राजधानियों और सहयोगी सेनाओं को निशाना बनाते हुए ड्रोन और मिसाइल हमले शुरू किए हैं।
इस बीच, यूएई के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने मंगलवार को ईरान से छोड़ी गई आठ बैलिस्टिक मिसाइलें, चार क्रूज मिसाइलें और 36 यूएवी को निष्क्रिय किया।