मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है। Iran ने इजरायल के बाद अब अमेरिका के खिलाफ खुला मोर्चा लेते हुए क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बैलेस्टिक मिसाइलों से ताबड़तोड़ हमले किए हैं। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक सऊदी अरब, जॉर्डन, बहरीन, कुवैत, कतर और यूएई में स्थित अमेरिकी अड्डों को निशाना बनाया गया है। कई देशों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
बहरीन में 5th फ्लीट मुख्यालय निशाने पर
Bahrain ने पुष्टि की है कि उसके आइलैंड किंगडम में स्थित अमेरिकी नौसेना के 5th फ्लीट मुख्यालय को मिसाइल हमले में निशाना बनाया गया। राजधानी मनामा में धमाकों की आवाज सुनी गई। सरकारी एजेंसी ने इसे देश की संप्रभुता और सुरक्षा का खुला उल्लंघन बताया है। अधिकारियों ने आपातकालीन उपाय लागू करने की बात कही है।
ये भी पढ़ें : Tehran में धमाकों से दहला माहौल, राष्ट्रपति भवन और खामेनेई के ठिकाने पर हमले के बाद क्या बढ़ेगा पश्चिम एशिया में बड़ा युद्ध?
कतर में एयरस्पेस बंद, अलर्ट जारी
Qatar की राजधानी दोहा में कई धमाकों की खबर है। कतर के रक्षा मंत्रालय के अनुसार देश के एयरस्पेस में कई मिसाइलें दाखिल हुईं। मोबाइल फोन पर आपात चेतावनी अलर्ट जारी किए गए और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया। एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। Qatar Airways ने भी दोहा आने-जाने वाली फ्लाइट्स पर अस्थायी रोक की पुष्टि की है।
यूएई, कुवैत और सऊदी में भी हमले
United Arab Emirates के अल धफरा एयर बेस, Kuwait के अल सलेम एयरबेस और सऊदी अरब के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। अबू धाबी और दुबई में तेज धमाकों की खबर है। अबू धाबी में एक व्यक्ति की मौत की सूचना है। Saudi Arabia ने हमलों की निंदा करते हुए क्षेत्रीय सुरक्षा पर गंभीर चिंता जताई है।
इराक में भी हताहत
इस तनाव के बीच Iraq में भी हिंसा की खबरें हैं। बगदाद के दक्षिण में एयरस्ट्राइक के बाद हुए धमाकों में पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्स के कम से कम दो लड़ाकों के मारे जाने और तीन के घायल होने की सूचना है। हालात को देखते हुए कई देशों ने अपने नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। क्षेत्र में बढ़ते सैन्य टकराव ने वैश्विक समुदाय की चिंता बढ़ा दी है।