Iran-US Tensions: अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच एक बार फिर कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान ने बातचीत की पहल की है और दोनों देशों के प्रतिनिधियों की बैठक मंगलवार को कतर की राजधानी दोहा में होगी। इस संभावित वार्ता को क्षेत्रीय तनाव कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दोहा में होगी अहम बैठक
व्हाइट हाउस के अनुसार, अमेरिका की ओर से विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुश्नर बैठक में हिस्सा लेंगे। बयान में कहा गया कि उच्चस्तरीय वार्ता के साथ तकनीकी स्तर पर भी बातचीत होगी। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति ट्रंप चाहते हैं कि शांति प्रक्रिया आगे बढ़े और दोनों देशों के बीच तनाव कम हो।
सैन्य कार्रवाई रोकने पर बनी सहमति
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, बैठक से पहले दोनों देशों ने फिलहाल सैन्य गतिविधियां रोकने पर सहमति जताई है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी बातचीत के दौरान समुद्री मार्गों, विशेष रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही सामान्य बनाए रखने पर भी ध्यान दिया जाएगा। हालांकि ईरान की ओर से इन दावों पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
यह भी देखेंःHeavy Rain in Delhi-NCR: दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश, भीषण गर्मी से लोगों को मिली राहत
ईरान ने कुछ रिपोर्टों का किया खंडन
ईरान के उपविदेश मंत्री काजेम खरीबाबादी ने दोहा में तकनीकी वार्ता को लेकर सामने आई कुछ मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि कतर के साथ संपर्क बना हुआ है, लेकिन जिस तरह की बैठक की खबरें सामने आई हैं, वे पूरी तरह सही नहीं हैं। इससे दोनों देशों के बयानों में अंतर भी देखने को मिला है।
तनाव के बीच जारी हैं कूटनीतिक प्रयास
हाल के महीनों में अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव बढ़ा था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच अस्थायी युद्धविराम लागू हुआ। इसके बाद स्थायी समाधान की दिशा में बातचीत की कोशिशें जारी हैं। अब दोहा में प्रस्तावित बैठक पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं, क्योंकि इससे क्षेत्रीय शांति और भविष्य के संबंधों की दिशा तय हो सकती है।