ईरान ने ताजा हालात को देखते हुए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है, जिससे भारत समेत कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं। एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट जैसी प्रमुख भारतीय एयरलाइनों ने गुरुवार को अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब ईरान में सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं और अमेरिका के साथ तनाव भी लगातार बढ़ रहा है।
तनाव भी लगातार बढ़ रहा
एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि ईरान के ऊपर से गुजरने वाली उड़ानों में देरी हो सकती है और कुछ उड़ानें रद्द भी की जा सकती हैं। एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए कई उड़ानों को दूसरे रास्तों से भेजा जा रहा है, जिससे समय ज्यादा लग सकता है।
यात्रियों से अपील की गई
एयर इंडिया ने यह भी कहा कि जिन उड़ानों का रास्ता बदलना संभव नहीं है, उन्हें फिलहाल रद्द किया जा रहा है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे फ्लाइट स्टेटस देखकर ही घर से निकलें। यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित
इंडिगो एयरलाइन ने भी जानकारी दी कि ईरान के अचानक हवाई क्षेत्र बंद करने से उसकी कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं। एयरलाइन ने कहा कि उसकी टीमें स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और प्रभावित यात्रियों को बेहतर विकल्प देने की कोशिश कर रही हैं। इंडिगो ने यात्रियों को टिकट दोबारा बुक करने या पैसा वापस लेने का विकल्प भी दिया है। स्पाइसजेट ने भी ईरान के हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण उड़ानों में परेशानी की बात कही है। एयरलाइन ने यात्रियों से कहा है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति वेबसाइट पर जांचें या चौबीसों घंटे चलने वाली हेल्पलाइन पर संपर्क करें।