भारत विविधताओं का देश है और यहां के मंदिर विश्वभर में आस्था के बड़े केंद्र माने जाते हैं. इन्हीं में से एक है गुवाहाटी स्थित मां कामाख्या देवी का शक्तिपीठ, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं. मान्यता है कि यहां माता सती का अंग गिरा था, इसलिए ये स्थान बेहद पावन माना जाता है. अब अगर आप भी माता के दर्शन की सोच रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है क्योंकि IRCTC ने एक खास टूर पैकेज लॉन्च किया है, जो यात्रा को बेहद आसान और आरामदायक बना देगा.
IRCTC का विशेष पैकेज
IRCTC का यह विशेष पैकेज “दिव्य मां कामाख्या दर्शन टूर” नाम से शुरू किया गया है, जो श्रद्धालुओं को असम की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक माहौल का अनुभव कराएगा. यह पैकेज 1 रात और 2 दिनों का है और इसका पैकेज कोड EGH044 रखा गया है. इस टूर की शुरुआत हर दिन गुवाहाटी से होती है, जहां से यात्री बस और कैब के जरिए मंदिर व आसपास के आध्यात्मिक स्थलों का दर्शन कर पाएंगे. यात्रा के दौरान किसी भी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है क्योंकि पूरा इंतजाम IRCTC द्वारा किया जाता है.
खाने-पीने, होटल में ठहरने की सुविधा
इस टूर पैकेज में IRCTC खाने-पीने, होटल में ठहरने और यात्रा की पूरी व्यवस्था करता है. यात्रियों को सिर्फ दर्शन का आनंद लेना है. सुरक्षा के लिए पैकेज में इंश्योरेंस की सुविधा भी शामिल है. यानी दर्शन के साथ-साथ यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा. IRCTC का यह पैकेज खास तौर पर उन लोगों के लिए बेहतर है, जो कम समय में सुविधाजनक तरीके से कामाख्या देवी का दर्शन करना चाहते हैं.
कीमत भी काफी किफायती रखी गई
इस टूर पैकेज की कीमत भी काफी किफायती रखी गई है. अकेले यात्रा करने पर 12,950 रुपये खर्च होंगे. वहीं अगर दो लोग साथ यात्रा करते हैं, तो प्रति व्यक्ति केवल 7,000 रुपये देना होगा. तीन लोगों के साथ यात्रा करने पर भी प्रति व्यक्ति किराया 7,000 रुपये ही है. इतनी सुविधाओं के साथ ये पैकेज तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और श्रद्धालुओं को एक शानदार आध्यात्मिक अनुभव देने का वादा करता है.