रेलवे ने ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुकिंग में बड़ा बदलाव किया है, जिसका सीधा असर आम यात्रियों पर पड़ेगा। 29 दिसंबर 2025 से लागू हुए नए नियम के तहत अब IRCTC पर सुबह के समय सिर्फ आधार से वेरिफाई अकाउंट वाले ही टिकट बुक कर पाएंगे। पहले चरण में सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक यानी पूरे 4 घंटे सिर्फ आधार लिंक यूजर्स को टिकट बुकिंग की अनुमति दी गई है। बिना आधार वेरिफिकेशन वाले यात्रियों को अब दोपहर 12 बजे के बाद ही ऑनलाइन टिकट बुक करने का मौका मिलेगा।
चरणबद्ध तरीके से लागू नियम
रेलवे इस व्यवस्था को धीरे-धीरे और सख्त करने जा रहा है। दूसरे चरण में 5 जनवरी 2026 से आधार वेरिफाई यात्रियों को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक यानी 8 घंटे का एक्सक्लूसिव समय मिलेगा। बिना आधार वाले यूजर्स शाम 4 बजे के बाद ही टिकट बुक कर पाएंगे। तीसरे और अंतिम चरण में 12 जनवरी 2026 से आधार वेरिफाई यात्रियों को सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक पूरे 16 घंटे टिकट बुक करने की सुविधा मिलेगी। यह नियम एडवांस रिजर्वेशन खुलने के पहले दिन लागू होगा।
ये भी पढ़ें : दो साल बाद भारत की बड़ी औद्योगिक वापसी, नवंबर में IIP उछला, America-China को चुभेगी ये ग्रोथ
दलालों पर कसने की तैयारी
रेलवे का कहना है कि इस फैसले का मकसद दलालों और फर्जी आईडी से होने वाली टिकट बुकिंग पर रोक लगाना है। एडवांस रिजर्वेशन पीरियड के पहले दिन टिकट कुछ ही मिनटों में खत्म हो जाते हैं, जिससे आम यात्रियों को परेशानी होती है। आधार ऑथेंटिकेशन से यह सुनिश्चित होगा कि एक व्यक्ति सीमित और सही तरीके से टिकट बुक करे। इससे कालाबाजारी पर लगाम लगेगी और असली यात्रियों को टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।
काउंटर टिकट पर कोई असर नहीं
यह साफ करना जरूरी है कि यह बदलाव सिर्फ ऑनलाइन IRCTC टिकट बुकिंग पर लागू होगा। रेलवे के पीआरएस काउंटरों से टिकट लेने की प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यात्री पहले की तरह काउंटर पर जाकर टिकट ले सकते हैं। जिन लोगों ने अभी तक आधार को IRCTC अकाउंट से लिंक नहीं किया है, वे वेबसाइट या ऐप पर लॉग इन करके ‘My Profile’ सेक्शन में जाकर आसानी से आधार वेरिफिकेशन कर सकते हैं। यह प्रक्रिया कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाती है।