UP News: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की वोटर लिस्ट में वोटरों के नामों में हुई गडबडी को राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने गंभीरता से लिया है। गुरुवार से इस बारे में आ रही शिकायतों के बारे में शुक्रवार की सुबह मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में स्थिति साफ की गयी। बयान में कहा गया कि मंडलायुक्त इस मतदाता सूची में निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारी हैं तथा संबंधित जिले के जिला अधिकारी हैं । मतदाता सूची को सभी ग़लतियों से मुक्त रखना इनकी ज़िम्मेदारी है। उनसे इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। मतदाताओ को इस गलती की वजह से कोई परेशानी न हो इसके निर्देश जिला अधिकारियों को दे दिए गए हैं ।
पिता के स्थान पर B Com टाइप करना मानवीय भूल अथवा लापरवाही है
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार वोटर लिस्ट में अंकित ऐसी गडबडी मानवीय भूल या लापरवाही है। उन्होंने कहा कि विधान परिषद के चुनाव की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए पहली बार ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई है । किसी भी कार्य को पहली बार करने में ग़लतियाँ होने की संभावना रहती है। मतदाता सूची 14,81,310 प्रविष्टियों में से कुल 158 ऐसी प्रविष्टियाँ हैं जिनमें मतदाताओ अथवा उनके संबंधियों के नाम अजीब प्रतीत हो रहे हैं।
Ram hit Yadav टाइप कर दिया
इन नामों का अजीबोगरीब होना इसी प्रकार की एक गलती है। सॉफ़्टवेयर द्वारा अंग्रेज़ी में टाइप किए गए नामों को हिंदी में ट्रांसलिटरेट करना था परंतु संभवत किसी त्रुटि की वजह से ट्रांसलेट कर दिया। उदाहरण के तौर पर किसी मतदाता का नाम रामहित यादव है तो उसको अंग्रेज़ी में टाइप करने समय यदि त्रुटिवश Ramhit Yadav के स्थान पर Ram hit Yadav टाइप कर दिया तो सॉफ्टवेयर द्वारा इसे ‘राम ने यादव को मारा’ ट्रांसलेट कर दिया। इस प्रकार उत्पन्न हुई ग़लतियाँ को एडिट कर सुधार करने की व्यवस्था थी परंतु जहाँ लोग सावधान नहीं रहे उस जगह इस प्रकार की ग़लतियाँ बनी रही।