.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Da7b71b79-8d6c-407b-a19e-a74a61c561dc&w=3840&q=75)
Walk For Fitness : आज के समय में फिटनेस से जुड़े ट्रेंड्स और सोशल मीडिया चैलेंजेस ने एक बात बहुत आम कर दी है – "रोज़ 10,000 कदम चलो, तभी सेहत बनेगी!" कई फिटनेस बैंड और ऐप्स भी यही लक्ष्य सेट करते हैं। लेकिन क्या वाकई में 10,000 कदम चलना ही सेहतमंद रहने का एकमात्र उपाय है?
नई वैज्ञानिक रिसर्च के अनुसार, रोज़ाना 10,000 कदम चलना ज़रूरी नहीं है. हां, चलना जरूर जरूरी है – लेकिन इसका फायदा कम स्टेप्स से भी मिल सकता है. चलिए जानते हैं वैज्ञानिकों की इस नई खोज के बारे में और कितने कदम चलने से भी हम सेहतमंद रह सकते हैं.
क्या कहती है रिसर्च?
हाल ही में कई देशों के स्वास्थ्य विशेषज्ञों और रिसर्च संस्थानों ने हजारों लोगों पर अध्ययन किया. उन्होंने पाया कि जो लोग रोज़ाना 3,800 से 6,000 कदम भी चलते हैं, उनकी मृत्यु दर और बीमारियों का खतरा उन लोगों से काफी कम होता है जो बहुत कम या बिल्कुल नहीं चलते.
इस रिसर्च में यह भी सामने आया कि 60 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए सिर्फ 6,000 से 7,000 कदम रोजाना चलना भी काफी फायदेमंद हो सकता है. वहीं, युवा और स्वस्थ लोगों के लिए 7,000–8,000 कदम पर्याप्त माने गए हैं.
10,000 कदम का मिथक कहां से आया?
दरअसल, 10,000 कदम चलने की सलाह 1960 के दशक में जापान में एक मार्केटिंग रणनीति के तहत शुरू हुई थी। एक पेडोमीटर (कदम गिनने वाली मशीन) को प्रचारित करने के लिए ये आंकड़ा चुना गया, जिसका नाम था – “manpo-kei”, जिसका मतलब होता है “10,000 कदम मीटर”. यह वैज्ञानिक नहीं, बल्कि एक गोल और आसान नंबर था, जो मार्केटिंग में अच्छा लगता था.
कितने कदम चलना है फायदेमंद?
3,800–6,000 कदम: सामान्य फिटनेस और उम्रदराज लोगों के लिए पर्याप्त
6,000–8,000 कदम: सक्रिय जीवनशैली और हृदय स्वास्थ्य के लिए अच्छा
8,000–10,000 कदम: वजन घटाने और हाई लेवल फिटनेस के लिए सहायक
इससे ज्यादा चलना भी नुकसानदायक नहीं है, लेकिन जरूरी नहीं कि हर किसी के लिए रोज 10,000 कदम चलना ही फिटनेस की गारंटी हो.
क्या फर्क पड़ता है कम स्टेप्स से?
कम स्टेप्स का मतलब यह नहीं कि आप कम फिट हैं. असल फर्क यह करता है कि आप नियमित चल रहे हैं या नहीं . यहां क्वालिटी वॉक भी मायने रखती है — जैसे brisk walk, सीढ़ियां चढ़ना, या थोड़ी देर तक तेज़ चलना.
टिप्स: कैसे जोड़ें स्टेप्स अपने रूटीन में?
लिफ्ट की बजाय सीढ़ियों का इस्तेमाल करें
फोन पर बात करते हुए टहलें
ऑफिस में हर 1 घंटे बाद 5 मिनट चलें
सुबह या शाम की सैर को आदत बनाएं
छोटी दूरी पैदल तय करें
रोज़ 10,000 कदम चलना कोई जादुई आंकड़ा नहीं है। असल में बात ये है कि आप रोज़ थोड़ा-थोड़ा चलते रहें, लगातार चलते रहें. कम स्टेप्स भी आपके शरीर और दिल को उतना ही फायदा पहुंचा सकते हैं, जितना ज़रूरत है. इसलिए अगर आप 3,000–7,000 कदम भी रोज़ चल पा रहे हैं, तो चिंता की बात नहीं — आप एक अच्छी हेल्दी आदत निभा रहे हैं.