Lifestyle News : गर्मी का मौसम आते ही घरों की दीवारें और छत दिन भर धूप की तपिश सोख लेती हैं. इसका असर शाम और रात में ज्यादा महसूस होता है, जब कमरा बाहर के तापमान से भी ज्यादा गर्म लगने लगता है। जिन घरों में एयर कंडीशनर नहीं है, वहां लोगों के लिए राहत पाना मुश्किल हो जाता है. हालांकि कुछ आसान और घरेलू उपाय अपनाकर बिना एसी भी कमरे को काफी हद तक ठंडा रखा जा सकता है.
दिन में खिड़कियां और पर्दे रखें बंद
तेज धूप सीधे कमरे में आने से तापमान तेजी से बढ़ता है। ऐसे में दोपहर के समय खिड़कियां, दरवाजे और पर्दे बंद रखना फायदेमंद हो सकता है. खासकर मोटे और हल्के रंग के पर्दे गर्म हवा और धूप को अंदर आने से रोकने में मदद करते हैं। इससे कमरे का तापमान सामान्य बना रहता है और शाम तक कमरा ज्यादा गर्म नहीं होता.
शाम को करें क्रॉस वेंटिलेशन
जैसे ही बाहर का तापमान थोड़ा कम होने लगे, घर की खिड़कियां खोल दें. अगर कमरे की दो दिशाओं में खिड़कियां हैं, तो क्रॉस वेंटिलेशन से गर्म हवा बाहर निकलती है और ठंडी हवा अंदर आती है। इससे कमरे में ताजगी महसूस होती है और उमस भी कम होती है.
पंखे के साथ अपनाएं बर्फ वाला तरीका
अगर सिर्फ पंखे से राहत नहीं मिल रही है, तो एक बड़ा बर्तन या बाल्टी में बर्फ भरकर पंखे के सामने रख दें. पंखे की हवा जब बर्फ से टकराती है, तो कमरे में ठंडी हवा फैलने लगती है। यह तरीका छोटे कमरों में काफी असरदार माना जाता है और कम खर्च में ठंडक देने में मदद करता है.
इलेक्ट्रॉनिक सामान कम चलाएं
टीवी, कंप्यूटर, ओवन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी गर्मी पैदा करते हैं. जरूरत न होने पर इन्हें बंद रखना बेहतर होता है। खासकर शाम के समय कई उपकरण एक साथ चलाने से कमरे का तापमान और बढ़ सकता है। एलईडी बल्ब का इस्तेमाल भी गर्मी कम करने में मदद करता है क्योंकि ये सामान्य बल्ब की तुलना में कम गर्म होते हैं.
छत और फर्श को रखें ठंडा
गर्मी में छत सबसे ज्यादा तपती है, जिसका असर पूरे घर पर पड़ता है. शाम के समय छत पर पानी का छिड़काव करने से तापमान कम किया जा सकता है। कई लोग फर्श पर पोछा लगाते समय ठंडे पानी का इस्तेमाल भी करते हैं, जिससे कमरे में थोड़ी ठंडक महसूस होती है.
सूती कपड़े और हल्का बिस्तर अपनाएं
गर्मी में मोटे कपड़े और भारी बिस्तर शरीर में गर्मी बढ़ाते हैं। सूती चादर, हल्के तकिए और कॉटन के कपड़े इस्तेमाल करने से शरीर को आराम मिलता है। इससे नींद भी बेहतर आती है और रात में गर्मी कम महसूस होती है.
पौधे भी देते हैं ठंडक
घर की बालकनी या खिड़की के पास छोटे-छोटे पौधे लगाने से वातावरण ठंडा रखने में मदद मिलती है। पौधे हवा को ताजा बनाने के साथ-साथ गर्मी का असर भी कुछ हद तक कम करते हैं। एलोवेरा, मनी प्लांट और अरेका पाम जैसे पौधे घर के अंदर भी लगाए जा सकते हैं. इन आसान उपायों को अपनाकर बिना एसी भी गर्मी के मौसम में घर और कमरे को काफी हद तक ठंडा और आरामदायक बनाया जा सकता है.