Wi-Fi Router Settings: आज के समय में घर से काम करना हो, मनोरंजर के लिए वेब सीरीज देखनी हो या कोई अन्य जरूरी काम करना हो, घर में लगभग सबकुछ Wi-Fi के भरोसे ही होता है। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि फोन या लैपटॉप में वाई-फाई का सिग्नल फुल नजर आता है, फिर भी इंटरनेट बहुत स्लो चलता है और वीडियो पर बफरिंग होने लगती है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आइए जानते हैं कि फुल सिग्नल होने के बावजूद इंटरनेट स्लो क्यों चलता है और इसे बिना किसी एक्सपर्ट की मदद के खुद कैसे ठीक किया जा सकता है।
स्पीड टेस्ट करें
सबसे पहले अपने फोन या लैपटॉप पर इंटरनेट Speed Test चेक करें। अगर टेस्ट में डाउनलोड और अपलोड स्पीड आपको ब्रॉडबैंड प्लान से काफी कम आ रही है, तो समझ जाइए कि समस्या आपके वाई-फाई में नहीं, बल्कि आपके इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर यानि कंपनी की तरफ से है।
राउटर को रीबूट करें
लेकिन अगर पीछे से कनेक्शन ठीक है और फिर भी ब्राउजर में पेज लोड होने में टाइम लग रहा है, तो एक बार अपने राउटर को चेक करें। फोन की तरह राउटर भी हफ्तों तक लगातार ऑन रहने पर धीमा हो जाता है और उसमें छोटे-मोटे तकनीकी ग्लिच आ जाते हैं। इसे ठीक करने का सबसे आसान तरीका है कि राउडर का पावर बटन ऑफ करें और करीब 30 सेकंड रुकने के बाद उसे दोबारा ऑन करें। इससे राउटर की मेमोरी रिफ्रेश हो जाती है और स्पीड बेहतर हो जाती है।
डिवाइसेज का लोड कम करें
आज के समय में घर के सभी लोगों के फोन, लैपटॉप, स्मार्ट टीवी और कैमरे एक ही राउटर से जुडे रहते हैं। जब एक साथ इतने सारे गैजेट्स एक ही नेटवर्क पर एक्टिव होते हैं. तो Internet डेटा की स्पीड सबके बीच डिवाइड हो जाती है और नेटवर्क पर ज्यादा लोड पड़ने से नेट अचानक स्लो हो जाता है। अगर कोई बड़ी फाइल डाउनलोड हो रही हो या 4K वीडियो स्ट्रीम हो रहा हो, तो सारी बैंडविड्थ वही डिवाइस से लेता है। इसलिए जरूरी काम के समय फालतू डिवाइसेज को डिसकनेक्ट कर दें।
सही फ्रिक्वेंसी बैंड चुनें
आजकल ज्यादातर घरों में डुअल-बैंड राउटर होते हैं, जिनमें 2.4GHz और 5GHz के दो विकल्प मिलते हैं। यदि आप राउटर के पास बैठे हैं और हाई स्पीड चाहिए, तो तो हमेशा 5GHz नेटवर्क ही सेलेक्ट करें। वहीं अगर आप राउटर से दूर दूसरे कमरे में हैं, तो ज्यादा कवरेज के लिए 2.4GHz नेटवर्क का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है।
यह भी पढ़ें: Smartphone Privacy Alert: क्या चुपके से आपके फोन का कैमरा-माइक चला रहे हैं ऐप्स? तुरंत बदले ये सेटिंग्स
नेटवर्क 'Forget' करके दोबारा कनेक्ट करें
अगर बाकी डिवाइसेज में नेट सही चल रहा है और दिक्कत सिर्फ आपके फोन में है, तो फोन की सेटिंग्स में जाकर Wi-Fi नेटवर्क को एक बार Forget कर दें। इसके बाद दोबारा पासवर्ड डालकर कनेक्ट करने से नेटवर्क के छोटे-मोटे बग्स तुरंत सही हो जाते हैं।