Slow Internet Problem: घर के किसी कोने में चले जाने पर फोन के सिग्नल कम हो जाते हैं और इंटरनेट धीमा चलने लगता है। लेकिन जब फोन में नेटवर्क के पूरे डंडे दिख रहे हों, तो हमे लगता है कि अब बिना किसी रुकावट के इंटरनेट चलेगा। हालांकि जैसे ही इंस्टाग्राम पर रील्स स्क्रॉल करो तो लोडिंग शुरू हो जाती है और यूट्यूब पर वीडियो बफर होने लगता है। ऐसे में लोग अक्सर टेलीकॉम कंपनियों को कोसने लगते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसमें हमेशा कंपनी की गलती नहीं होती है। आइए जानते हैं कि फुल नेटवर्क होने के बावजूद इंटरनेट क्यों सुस्त हो जाता है।
नेटवर्क फुल, फिर भी स्पीड क्यों गायब?
फोन में दिखने वाले सिग्नल बार सिर्फ यह बताते हैं कि आपका फोन नजदीकी मोबाइल टाबर से कितनी मजबूती से जुड़ा है। इसका इंटरनेट की स्पीड से सीधा लेना-देना नहीं है। जब आप भीड़भाड़ वाले इलाके, मॉल, रेलवे स्टेशन या शाम के वक्त घर पर होते हैं, तो हजारों लोग एक ही मोबाइल टावर से कनेक्टेड होते हैं। हर टावर की डेटा सप्लाई करने की एक तय क्षमता यानि बैंडविड्थ होती है। जब एक ही समय पर बहुत से लोग एचडी वीडियो देखने या गेमिंग करने लगते हैं, तो टावर का डेटा पाइम जाम हो जाता है। सिग्नल तो पूरा मिलता है, पर डेटा ट्रांसफर करने के लिए पर्याप्त स्पीड नहीं बचती।
फ्रीक्वेंसी बैंड का चक्कर
फोन किस प्रीक्वेंसी बैंड से जुड़ा है, यह भी बहुत मायने रखता है। कम फ्रीक्वेंसी वाले बैंड घर की दीवारों को पार करके अंदर फुल सिग्नल तो पहुंचा देते हैं, लेकिन उनकी डेटा स्पीड हाई फ्रीक्वेंसी बैंड के मुकाबले काफी कम होती है।
फोन की सेटिंग्स और बैकग्राउंट ऐप्स
कई बार गलती नेटवर्क या टावर की नहीं बल्कि खुद आपके स्मार्टफोन की होती है. हमारे फोन में कई ऐसे ऐप्स होते हैं जिन्हें हम इस्तेमाल नहीं भी कर रहे हों. तब भी वे बैकग्राउंड में चुपचाप डेटा खींचते रहते हैं।
- क्लाउड पर फोटो का ऑटो बैकअप होना।
- प्ले स्टोर पर ऐप्स का अपने आप अपडेट होना।
- डेटा सेवर या बैटरी सेवर मोड का ऑन रहना।
- पुराना नेटवर्क कैश और महीनों तक फोन रीस्टार्ट न करना।
- वीपीएन का इस्तेमाल।
यह भी पढ़ें: 7,000mAh की धाकड़ बैटरी के साथ लॉन्च होंगे Karbonn के दो नए 5G स्मार्टफोन, जानें संभावित कीमत
इंटरनेट स्पीड बढ़ाने के आसान तरीके
- अपने फोन को 15-20 सेकंड के लिए फ्लाइट मोड पर डालें और फिर नॉर्मल करें। इससे आपका फोन तेज सिग्नल से दोबारा कनेक्ट हो जाता है।
- अगर आपके इलाके में 5G बार-बार अटक रहा है, तो फोन को जबरन 5G पर रखने के बजाय 4G/LTE पर स्विच कर लें। अक्सर एक स्टेबल 4G नेटवर्क, सुस्त 5G से बेहतर परफॉर्म करता है।
- फोन की सेटिंग्स में जाकर Reset Network Settings कर सकते हैं या APN को डिफॉल्ट पर सेट कर सकते हैं।