5G Smartphone Battery: 5G तकनीक तेज इंटरनेट स्पीड और बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करती है। लेकिन इसके साथ ही एक बड़ी समस्या भी सामने आई है, जो कि तेजी से बैटरी का खत्म होना है। कई यूजर्स की शिकायत है कि 5G पर स्विच करने के बाद उनके स्मार्टफोन की बैटरी तेजी से खत्म होती है। खासकर यात्रा के दौरान या कमजोर नेटवर्क वाले इलाकों में फोन की बैटरी सामान्य से अधिक खर्च होती है। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो कुछ आसान सेटिंग्स में बदलाव करके इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
क्यों बैटरी जल्दी होती है खत्म
5G तकनीक तेज इंटरनेट स्पीड और बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करती है लेकिन इसके लिए फोन को अधिक संसाधनों का उपयोग करना पड़ता है। हाई-स्पीड डेटा ट्रांसफर और लगातार नेटवर्क से जुड़े रहने के प्रोसेस के कारण बैटरी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इसके अलावा, कई इलाकों में 5G कवरेज अभी भी पूरी तरह स्थिर नहीं हैं। ऐसे में फोन का मॉडम लगातार मजबूत 5G सिग्नल खोजने की कोशिश करता है और बार-बार 4G और 5G के बीच स्विच होता रहता है। यह प्रक्रिया अतिरिक्त ऊर्जा का इस्तेमाल करती है जिससे बैटरी तेजी से खत्म होने लगती है।
Adaptive Battery का करें इस्तेमाल
अगर आपके फोन में Adaptive Battery या इसी तरह का कोई स्मार्ट बैटरी मैनेजमेंट फीचर मौजूद है तो उसे एक्टिव कर देना चाहिए। यह फीचर फोन के इस्तेमाल के तरीके को समझकर बैकग्राउंड में चल रही गैर-जरूरी गतिविधियों को सीमित करता है और बैटरी की खपत कम करने में मदद करता है।
पावर सेविंग मोड का इस्तेमाल करें
जब आप सफर कर रहे हैं या आपके फोन में बैटरी कम है, तो आप अपने फोन में Power Saving Mode / Battery Saver ऑन कर दें। यह मोड बैकग्राउंड सिंक को रोक देता है और नेटवर्क की गैर-जरूरी एक्टिविटी को ब्लॉक करके बैटरी लाइफ को काफी बढ़ा देता है।
4G (LTE) ऑप्शन को कर दें सेट
अगर आप कहीं ऐसी जगह यात्रा कर रहे हैं, जहां 5G के सिग्नल्स बहुत कम या कमजोर आ रहे हैं, तो आप फोन की सेटिंग्स में जाएं और वहां मोबाइल नेटवर्क में Preferred Network Type में जाएं और उसे 4G / LTE पर सेट कर दें। कमजोर सिग्नल में 5G ऑन रखना बैटरी का सबसे बड़ा दुश्मन है।
डेटा को कर दें बंद
5G तकनीक निश्चित रूप से बेहतर इंटरनेट अनुभव देती है लेकिन कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में यह बैटरी की खपत बढ़ा सकती है। ऐसे में जरूरत पड़ने पर डेटा बंद रखना बैटरी लाइफ बढ़ाने का आसान तरीका साबित हो सकता है।