आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए बीसीसीआई ने जैसे ही 15 सदस्यीय टीम इंडिया का ऐलान किया, वैसे ही एक नाम ने सबका ध्यान खींच लिया। यह खिलाड़ी पिछले दो साल से टीम इंडिया के लिए कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला था और बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का हिस्सा भी नहीं था। इसके बावजूद शानदार घरेलू प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं ने उन्हें सीधे वर्ल्ड कप स्क्वॉड में जगह दे दी। यह फैसला बताता है कि अब चयन में सिर्फ नाम नहीं बल्कि फॉर्म सबसे बड़ी शर्त बन चुका है।
दो साल बाद वापसी, ईशान किशन को बड़ा इनाम
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की टीम इंडिया में वापसी हुई है। ईशान ने भारत के लिए आखिरी इंटरनेशनल मैच नवंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। इसके बाद वह लंबे समय तक टीम से बाहर रहे। हालांकि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनके तूफानी प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं की सोच बदल दी। बीसीसीआई ने साफ संकेत दे दिया कि अगर घरेलू क्रिकेट में दम दिखेगा तो दरवाजे बंद नहीं रहेंगे।
ये भी पढ़ें : न्यूजीलैंड वनडे से बाहर होंगे Bumrah-Hardik, टीम इंडिया को लगेगा झटका, आया बड़ा अपडेट !
सैयद मुश्ताक अली में किया बल्ले से धमाका
झारखंड के कप्तान ईशान किशन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में ऐसा प्रदर्शन किया कि उन्हें नजरअंदाज करना मुश्किल हो गया। उन्होंने 10 मैचों की 10 पारियों में 2 शतक और 2 अर्धशतक के साथ 517 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट करीब 197 रहा, जो टी20 फॉर्मेट में किसी भी बल्लेबाज के लिए खास माना जाता है। टूर्नामेंट में ईशान के बल्ले से 33 छक्के और 51 चौके निकले। फाइनल में शतक जड़कर उन्होंने झारखंड को पहली बार यह खिताब जिताया और खुद को फिर से टीम इंडिया की रेस में खड़ा कर दिया।
टीम से बाहर क्यों हुए थे, अब कैसे बदली तस्वीर
दरअसल साल 2023 में साउथ अफ्रीका दौरे पर ईशान किशन टीम इंडिया का हिस्सा थे, लेकिन उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से टेस्ट सीरीज से बाहर रहने का फैसला लिया। इसके बाद रणजी ट्रॉफी से भी दूरी बना ली, जिससे बीसीसीआई नाराज हुआ और उन्हें सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया गया। यही वजह थी कि ईशान लंबे समय तक टीम से गायब रहे। लेकिन घरेलू क्रिकेट में वापसी कर उन्होंने बल्ले से जवाब दिया। अब टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड में उनकी एंट्री इस बात का संकेत है कि प्रदर्शन करने वालों के लिए रास्ता हमेशा खुला रहता है।