Israel invites PM Modi: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की और उन्हें इजरायल के स्वतंत्रता दिवस पर मशाल प्रज्वलित करने के लिए आमंत्रित किया। इस कार्यक्रम में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को भी आमंत्रित किया गया है। कैप्टन स्मित ने दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान में संकट के दौरान यात्रियों की जान बचाने में साहस और सूझबूझ का परिचय दिया था। उनके इस कार्य की इजरायल में भी सराहना हुई है।
नेतन्याहू ने फोन कर दिया न्योता
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की। नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने अपने मित्र पीएम मोदी को इजरायल के स्वतंत्रता दिवस पर एक वीर भारतीय पायलट के साथ मशाल प्रज्वलित करने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने निमंत्रण के लिए धन्यवाद दिया और आतंकवाद के खिलाफ भारत-इजरायल के साझा प्रयासों का उल्लेख किया। इस बातचीत में दोनों देशों के पुराने और मजबूत संबंधों पर भी चर्चा हुई।
विमान में यात्रियों की जान बचाने के लिए चर्चा में आए कैप्टन
कैप्टन स्मित मच्छार उस समय चर्चा में आए थे, जब दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान में आपात स्थिति के दौरान उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा के लिए साहस दिखाया। रिपोर्टों के अनुसार, घायल होने के बावजूद उन्होंने सूझबूझ से काम लिया और 170 से अधिक लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। इससे पहले इजरायल के राष्ट्रपति की ओर से भी उन्हें आमंत्रित किए जाने और देश के सर्वोच्च नागरिक वीरता सम्मान से सम्मानित करने की घोषणा किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
मैंने अपने मित्र, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की और उन्हें इज़राइल के स्वतंत्रता दिवस पर वीर भारतीय पायलट के साथ मशाल प्रज्वलित करने के लिए आमंत्रित किया। मोदी ने निमंत्रण के लिए मुझे धन्यवाद दिया और कहा कि ज़मीन पर और हवा में, भारत और इज़राइल आतंकवाद के ख़िलाफ़ मिलकर लड़ रहे हैं। उन्होंने हमारे बीच के मज़बूत और वर्षों पुराने संबंधों की भी सराहना की। 🇮🇱🇮🇳
— Benjamin Netanyahu - בנימין נתניהו (@netanyahu) October 22, 2026
Received a phone call from Israeli Prime Minister Benjamin Netanyahu. We reviewed the sustained momentum in our bilateral ties and reaffirmed our commitment to further strengthening our partnership. We also exchanged views on recent developments in West Asia and underscored the urgent need to restore peace and stability in the region. @netanyahu
— Narendra Modi (@narendramodi) October 22, 2026
पीएम मोदी ने बातचीत की जानकारी साझा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर नेतन्याहू के फोन का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने भारत और इजरायल के द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की और साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया के हालात पर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
भारत-इजरायल संबंधों को मजबूत करने पर जोर
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, दोनों नेताओं ने भारत-इजरायल संबंधों में निरंतर प्रगति का स्वागत किया। पीएम मोदी ने शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए संवाद तथा कूटनीति को आगे बढ़ने का रास्ता बताया। दोनों पक्षों ने पश्चिम एशिया के ताजा घटनाक्रम पर अपने विचार साझा किए और विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। कैप्टन स्मित मच्छार को मिला निमंत्रण उनके साहसिक कार्य के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।