Israeli drone attack: सीरिया की राजधानी दमिश्क एक बार फिर युद्ध के हालात का गवाह बनी, जब इजराइल की ओर से किए गए हमले के चलते शहर में चारों ओर धुआं फैल गया. इस हमले के वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें देखा जा सकता है कि एक टीवी चैनल की एंकर को लाइव शो के दौरान स्टूडियो छोड़कर भागना पड़ा। इजराइल ने सीरिया के रक्षा मंत्रालय और सेना मुख्यालय को निशाना बनाते हुए यह हमला किया. धमाके इतने तेज थे कि पूरा इलाका धुएं के गुबार से ढक गया.
ड्रोन और बम से किया हमला, कई ठिकाने तबाह
इजराइल ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि यह हमला ड्रूज समुदाय पर हुए हमले का जवाब था. ‘द टाइम्स ऑफ इजराइल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) ने दमिश्क में स्थित सीरियाई जनरल स्टाफ कमांड बिल्डिंग और राष्ट्रपति भवन के पास के सैन्य अड्डों को निशाना बनाया। हमले में सीरियाई सेना के टैंक, रॉकेट लॉन्चर और हथियारों से लैस पिकअप ट्रकों को भी भारी नुकसान पहुंचा है. इन वाहनों की दिशा ड्रूज बहुल शहर स्वेदा की ओर थी.
यह भी देखेंःUP Panchayat Election:उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव का बिगुल, 18 जुलाई से शुरू होगी वार्ड परिसीमन प्रक्रिया
ड्रूज समुदाय के समर्थन में खड़ा है इजराइल, PM नेतन्याहू की अपील
इजराइली सेना ने साफ किया है कि वह अपने ड्रूज भाइयों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है। सेना ने गोलान हाइट्स में दो डिवीजन तैनात कर दिए हैं और एयरफोर्स को भी ऑपरेशन के लिए तैयार रखा गया है. इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने ड्रूज समुदाय से अपील की है कि वे सीमा पार न करें, क्योंकि ऐसा करने से उनकी जान को खतरा हो सकता है. उन्होंने कहा कि अगर लोग बॉर्डर पार करते हैं तो वे इजराइली सेना के ऑपरेशन में बाधा बन सकते हैं.