इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को कहा कि इजरायल ईरान की सरकार को गिरा देगा, हमास को खत्म कर देगा और हिजबुल्लाह के खिलाफ अपना अभियान जारी रखेगा। न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पीएम नेतन्याहू ने इजरायल की घरेलू सुरक्षा एजेंसी शिन बेट के सदस्यों को सम्मानित करने के लिए आयोजित एक समारोह में कहा, "हम हमास को खत्म कर देंगे और सबसे पहले हम ईरान में शासन को हराएंगे। हम उनकी सरकार गिरा देंगे।"
फिलिस्तीनियों की तलाश जारी
उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध शुरू हुए लगभग तीन साल हो चुके हैं और अब भी इजरायल का एक लक्ष्य 7 अक्टूबर, 2023 को हमास के नेतृत्व में हुए हमले में शामिल फिलिस्तीनियों की तलाश जारी रखना है। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा, "कोई भी बख्शा नहीं जाएगा।"
ईरान में शासन का अंत निकट
6 सितंबर को पीएम नेतन्याहू ने कहा था कि ईरान में शासन का अंत निकट है और वह अपनी जान बचाने के लिए लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक और मिशन पूरा करना बाकी है। इजरायली पीएम ने ये टिप्पणियां सरकार की बैठक के दौरान रोश हशनाह टोस्ट के दौरान कीं।
इजरायल का हित सबसे ऊपर
इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, नेतन्याहू ने कहा, "हम रोश हशनाह के मौके पर हैं और आज इजरायल का हित सबसे ऊपर है। इस टेबल पर हमने जो समझदारी भरे और साहसिक फैसले लिए, हमारे जवानों की बहादुरी और हमारे लोगों के हौसले की बदौलत हमने बड़ी कामयाबियां हासिल की हैं। इजरायल आज पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है और हमारे दुश्मन पहले से ज्यादा कमजोर। अमेरिका के साथ मिलकर हमने अपने वजूद पर मंडराते खतरे को टाला है। हमने परमाणु बम और बैलिस्टिक मिसाइलों के खतरे को पीछे धकेला है और ईरानी धुरी पर करारा प्रहार किया है।"
दुश्मनों पर प्रहार
इजरायली प्रधानमंत्री ने जोर देते हुए कहा, "हम अपनी रक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। हम अपने दुश्मनों पर प्रहार करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। वे हम पर हमला नहीं कर रहे हैं। ईरान ऐसा करने से बच रहा है और वह जानता है क्यों। बेशक, वह गलती कर सकता है और फिर भी हम पर हमला करने की भूल कर सकता है। उसे ऐसा झटका लगेगा जिसकी वह कल्पना भी नहीं कर सकता।"
परीक्षा की घड़ी में एकजुट
उन्होंने कहा कि इजरायल मध्य पूर्व की सबसे मजबूत महाशक्ति है और दुश्मनों को चेतावनी दी, 'हमें आजमाने की कोशिश मत करो।'प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने आगे कहा, "मैं अपने दुश्मनों से कहता हूं कि हमें आजमाने की कोशिश मत करो। इजरायली जनता परीक्षा की घड़ी में एकजुट होना जानती है और अभी यह मध्य पूर्व में सबसे मजबूत महाशक्ति है और कुछ लोग तो कहते हैं कि उससे भी आगे।"