मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में सोमवार सुबह एक बैंक में हुई लूट की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। बैंक खुलते ही हथियारबंद नकाबपोश बदमाश अंदर घुसे और महज 15 मिनट में लगभग 10 किलो सोना व करीब 5 लाख 70 हजार रुपये नकद लूट ले गए। लुटेरों ने वारदात के दौरान बैंक कर्मियों को हथियार की नोक पर बंधक बनाकर वॉशरूम में बंद कर दिया। घटना के बाद पूरे शहर में पुलिस ने नाकेबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
हाईवे किनारे स्थित बैंक को बनाया निशाना
यह वारदात जिले के सिहोरा इलाके में नेशनल हाइवे के पास स्थित एक बैंक शाखा में हुई। सुबह बैंक खुलते ही मोटरसाइकिल से पहुंचे 4 हथियारबंद नकाबपोशों ने धावा बोल दिया। आरोपियों ने हेलमेट और नकाब पहनकर अपनी पहचान छिपाई। बैंक में मौजूद स्टाफ को हथियार दिखाकर वॉशरूम में बंद कर दिया और सोना व नकदी समेट ली।
15 मिनट में अंजाम देकर भाग निकले लुटेरे
लुटेरों ने पूरी वारदात को बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया। करीब 15 मिनट में बैंक से निकलकर वे मोटरसाइकिल से हाईवे की ओर फरार हो गए। मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने आसपास के सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर दी। पुलिस का कहना है कि लुटेरों के भागने की दिशा और संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस की बारीकी से जांच
पुलिस ने बैंक और आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जब्त कर ली है। साथ ही, हाईवे और निकटवर्ती क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि लुटेरों ने पहले से रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल, पुलिस टीम आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दे रही है।