जबलपुर के बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है। हादसे में कई लोगों की मौत और लापता होने की स्थिति के बीच अब पूरे राज्य में क्रूज संचालन पर रोक लगा दी गई है। साथ ही सभी क्रूज की फिटनेस जांच के आदेश जारी किए गए हैं। पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने इसे बेहद गंभीर और हृदयविदारक घटना बताया है।
सरकार का बड़ा सख्त कदम
बरगी डैम हादसे के बाद प्रदेश सरकार ने तत्काल प्रभाव से सभी क्रूज संचालन पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। आदेश में कहा गया है कि जब तक सभी क्रूज की पूरी सुरक्षा और फिटनेस जांच नहीं हो जाती, तब तक किसी भी प्रकार का संचालन नहीं किया जाएगा।
मंत्री धर्मेंद्र लोधी का बयान
पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और गंभीर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग को सभी क्रूज की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
बरगी डैम हादसे का दर्दनाक मंजर
गुरुवार शाम तेज आंधी और अचानक बदले मौसम के कारण बरगी डैम में क्रूज पलट गया। हादसे के समय करीब 40 लोग सवार थे। अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 22 लोगों को बचा लिया गया है। वहीं 15 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं।
तेज तूफान बना हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्रूज बीच पानी में था तभी मौसम अचानक खराब हो गया। तेज हवाओं और ऊंची लहरों के कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। देखते ही देखते यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार शुरू हो गई।
जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना के बाद प्रशासन, गोताखोर और स्थानीय टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। खराब मौसम और पानी की गहराई के कारण ऑपरेशन में मुश्किलें आ रही हैं, लेकिन लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है।