जैकी श्रॉफ ने शेयर की ‘लास्ट विल’ : बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज को लेकर चर्चा में हैं. अभिनेता ने सोशल मीडिया पर ‘Last Will & Testament’ नाम से एक डॉक्यूमेंट शेयर किया, जिसे देखकर शुरुआत में फैंस हैरान हो सकते हैं. लेकिन इस दस्तावेज का सच सामने आने के बाद मामला काफी मजेदार हो जाता है। दरअसल, यह जैकी श्रॉफ की असली वसीयत नहीं, बल्कि एक मजाकिया ‘मॉक विल’ थी.
टाइगर और कृष्णा को नहीं मिली प्रॉपर्टी
डॉक्यूमेंट में जैकी श्रॉफ ने अपनी प्रॉपर्टी को लेकर ऐसा फैसला दिखाया, जो किसी ने सोचा भी नहीं होगा. इसमें उनके बेटे टाइगर श्रॉफ या बेटी कृष्णा श्रॉफ का नाम वारिस के तौर पर नहीं था. इसके बजाय दस्तावेज में जैकी के पसंदीदा पौधों को ही उनका परिवार बताया गया.
स्पाइडर प्लांट को मिला फार्महाउस
जैकी के मजाकिया दस्तावेज में लिखा गया कि उनके फार्महाउस की देखभाल उनके प्यारे स्पाइडर प्लांट के जिम्मे रहेगी. यानी जहां आमतौर पर वसीयत में परिवार के सदस्यों या करीबी लोगों का जिक्र होता है, वहीं जैकी ने अपने पौधे को ही खास जिम्मेदारी दे दी.
गार्डनिंग के लिए 99 लाख रुपये
डॉक्यूमेंट में गार्डनिंग के लिए 99 लाख रुपये अलग रखने की बात भी लिखी गई थी. यह रकम फार्महाउस के कंपोस्टिंग सेक्शन और बागवानी के सामान के लिए बताई गई। इसके अलावा पौधों, गमलों और माली की देखभाल के लिए जीवनभर का बजट रखने की बात भी कही गई.
‘मेरे पौधे ही मेरा परिवार हैं’
इस नकली वसीयत का सबसे दिलचस्प हिस्सा वह था, जिसमें जैकी के पौधों को उनका परिवार बताया गया. दस्तावेज के मुताबिक, पौधों की हमेशा देखभाल, सुरक्षा और प्यार किया जाना चाहिए। इससे साफ है कि यह पूरा पोस्ट अभिनेता के प्रकृति और पौधों के प्रति प्यार को मजेदार अंदाज में दिखाने के लिए बनाया गया था.
आखिर में खुला पूरा राज
डॉक्यूमेंट के आखिर में जैकी ने साफ कर दिया कि इसे गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है. इसमें डिस्क्लेमर के तौर पर बताया गया कि यह सिर्फ एक मजाक है। यानी जैकी श्रॉफ ने वास्तव में अपनी संपत्ति की वसीयत टाइगर या किसी और के नाम करने की घोषणा नहीं की है.
जैकी श्रॉफ लंबे समय से पेड़-पौधों के प्रति अपने लगाव के लिए जाने जाते हैं. ऐसे में उनकी ‘लास्ट विल’ भी उनके इसी अंदाज का एक मजेदार उदाहरण बन गई और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई.