Jafrabad Playschool Case: राजधानी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में स्थित एक प्लेस्कूल से मासूम बच्चे के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। साढ़े तीन साल के एक बच्चे की स्कूल में इतनी बेरहमी से पिटाई की गई कि उसकी आंखें सूज गई और कान का पर्दा फट गया। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला
आपको बता दें कि घटना का खुलासा तब हुआ जब बच्चे के व्यवहार में अचानक बदलाव आने लगा। परिजनों के मुताबिक बच्चा रात में ठीक से सो नहीं पा रहा था और टॉयलेट जाने से भी बुरी तरह डर रहा था। बच्चे की डरने और सहमने की वजह पूछने पर मामले की जानकारी हुई, जिसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामला किया गया दर्ज
पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्कूल के निदेशक, प्रधानाचार्य, एक शिक्षिका और एक अन्य कर्मचारी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मेडिकल जांच में चोटों की पुष्टि
बच्चे की जीटीबी अस्पताल में डॉक्टरी जांच कराई गई है, जिसमें चोटों की पुष्टि हुई है। पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में ले लिया है और साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: MPESB Vacancy 2026: एमपीईएसबी ग्रुप 3 सब इंजीनियर के 1700 पदों पर निकली भर्ती, सैलरी 1 लाख से ज्यादा; ऐसे करें आवेदन
बच्चे के परिवार का आरोप
बच्चे के परिवार ने आरोप लगाया है कि स्कूल के अंदर मासूम के साथ न केवल मारपीट की गई, बल्कि अनुचित व्यवहार भी किया गया। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट की गहन समीक्षा के बाद आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।