.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Dbb8fe05f-4736-499f-b989-abca5d426bf3&w=3840&q=75)
Jagdeep Dhankhar sought MLA pension: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने राजस्थान विधानसभा से पेंशन के लिए आवेदन किया है। धनखड़ 1993 में कांग्रेस के टिकट पर किशनगढ़ से विधायक चुने गए थे। नियमों के अनुसार, उन्हें करीब 42 हजार रुपये मासिक पेंशन का हक है। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष की ओर से अभी उनके आवेदन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। राजस्थान में नेताओं को सांसद और विधायक दोनों पदों पर पेंशन का प्रावधान है। ऐसे में जो व्यक्ति दोनों पदों पर रहे हैं, वे दोहरी पेंशन पाने के पात्र होते हैं।
इस्तीफे के बाद योग और टेबल टेनिस में व्यस्त
धनखड़ ने 21 जुलाई को अचानक उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना त्यागपत्र सौंपा था। पद छोड़ने के बाद से वह अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं और नियमित रूप से योगाभ्यास कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि धनखड़ टेबल टेनिस खेलने के भी शौकीन हैं और जब वे पश्चिम बंगाल के राज्यपाल थे, तभी से उन्होंने इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लिया था। यहां तक कि यात्रा से लौटने के बाद भी वह अपने स्टाफ के साथ टेबल टेनिस खेला करते थे।
यह भी देखेंःIndia-Japan partnership: भारत-जापान साझेदारी में नया अध्याय, पीएम मोदी का सेंदाई दौरा
नए उपराष्ट्रपति की रेस
धनखड़ का कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक रहना था, लेकिन उनके इस्तीफे के बाद अब नए उपराष्ट्रपति का चुनाव 9 सितंबर को होगा। सत्ता पक्ष यानी राजग ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार के रूप में उतारा है। धनखड़ के अचानक इस्तीफे के बाद राजनीतिक हलकों में खासी हलचल मची थी और अब सभी की निगाहें नए उपराष्ट्रपति चुनाव पर टिकी हैं।