Amitabh Thakur: धोखाधड़ी के मामले में देवरिया जेल में बंद पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर की मंगलवार देर रात अचानक तबियत बिगड़ गई। सीने में दर्द की जानकारी होने पर जेल प्रशासन के हाथ पांव फूल।गए। जेल अस्पताल में डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इसके बाद जेल प्रशासन ने आनन फानन में उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हार्ट अटैक आने का अनुमान लगाया जा रहा है।
जमीन खरीद में धोखाधड़ी का आरोप लगा था
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर रामकुमार जायसवाल ने बताया है कि फिलहाल स्थिति पर नजर बनाई जा रही है। उन्हें हार्ट अटैक आया है कि नहीं यह देखा जा रहा है। चिकित्सकों की टीम उनका इलाज कर रही है। बताते चलें कि देवरिया में एसपी रहते ठाकुर के ऊपर जमीन खरीद में धोखाधड़ी का आरोप लगा था। इसी सिससिले में 10 दिसंबर को लखनऊ से दिल्ली जाते समय चलती ट्रेन से उन्हें शाहजहांपुर में गिरफ्तार किया गया था।
जेल के भीतर अचानक से खराब हुई तबीयत
मंगलवार की रात करीब 12 बजे अमिताभ ठाकुर की तबीयत जेल के भीतर अचानक से खराब हुई। सीने में दर्द, घबराहट कि जैसे ही जेल प्रशासन को जानकारी हुई। आनन-फानन में उन्हें देवरिया के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रात 2:00 बजे ही रेफर कर दिया। अब वहां उनका इलाज चल रहा है।
रिहाई की मांग कर रहे थे
अमिताभ ठाकुर बार-बार अपनी सेहत और हत्या दोनों को लेकर आशंका जाता रहे थे और अपनी रिहाई की मांग कर रहे थे। इस बीच मंगलवार को ही देवरिया सीजेएम कोर्ट में उनके मामले की सुनवाई हुई। जिसमें सीजेएम न्यायालय ने उनकी जमानत याचिका को खारिज कर दी और उनके रिमांड पर फैसला आज बुधवार को आना है। सुनवाई के दौरान अमिताभ ठाकुर न्यायालय में मौजूद थे और वह अपने खिलाफ फैसले से बेहद नाखुश बताए जा रहे थे।
ऐसे बिगड़ी हालत
जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर 3:00 बजे पेशी के बाद उन्हें 6:30 बजे वापस जेल लाया गया। रात में 9:30 बजे वह खाना खाकर सोए थे कि अचानक से 12 बजे के दौरान उन्होंने सीने में तेज दर्द, बेचैनी होने की दिक्कत बताई।इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पेशी के दौरान अमिताभ ठाकुर बार-बार अपनी जान को लेकर खतरा भी जताते रहे हैं और कहते रहे थे कि कहीं उनका एनकाउंटर ना कर दिया जाए। वह प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते रहे हैं की चुनिंदा कार्रवाई करते हुए उन्हें निशाना बनाया गया है, लेकिन देवरिया में वह जिस मामले में जेल में बंद है वह जमीन से जुड़ा हुआ है।