Jaipur Purnima University Student Death : राजस्थान की राजधानी जयपुर की पूर्णिमा यूनिवर्सिटी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना हुई। यहां MBA की दूसरे साल की छात्रा यशस्वी रोहिला छठी मंजिल से नीचे गिर गई। गंभीर हालत में उसे महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने घटनास्थल वाले इलाके को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी। इस घटना से जुड़े दो CCTV वीडियो भी सामने आए हैं।
छात्रा की पहचान यशस्वी रोहिला के रूप में हुई
पुलिस के मुताबिक, मृत छात्रा की पहचान यशस्वी रोहिला के रूप में हुई है। वह MBA सेकंड ईयर में पढ़ती थी और जयपुर के गुर्जर की थड़ी इलाके के प्रेम नगर में रहती थी। घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। छठी मंजिल से गिरने के बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। शिवदासपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
छत की रेलिंग के पास बैठी दिखी छात्रा
घटना से जुड़ा एक CCTV वीडियो सामने आया है। इसमें छात्रा छठी मंजिल की छत पर किनारे बैठी दिखाई दे रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब दूसरे छात्रों को उसके वहां होने की जानकारी मिली तो उन्होंने उसे रोकने और बचाने की कोशिश की। छात्रों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे उसे रोक नहीं पाए। इसके बाद वह नीचे गिर गई। घटना के बाद यूनिवर्सिटी में मौजूद छात्र और कर्मचारी सकते में आ गए।
सीढ़ियों से तेजी से छत की ओर जाती दिखी
दूसरे CCTV वीडियो में यशस्वी सीढ़ियों से तेजी से ऊपर जाती दिखाई दे रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह फुटेज सुबह 9 बजकर 48 मिनट का है। बताया गया है कि वह सीढ़ियों के रास्ते छठी मंजिल पर पहुंची थी। इसी दिन MBA का मिड सेमेस्टर एग्जाम भी था, लेकिन यशस्वी परीक्षा देने नहीं पहुंची थी। फिलहाल पुलिस दोनों वीडियो और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पिता का पहले ही हो चुका था निधन
रिपोर्ट के मुताबिक, यशस्वी के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी मां के साथ रहती थी। घटना के बाद पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन और बैग अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस इन सामानों की जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में जानकारी मिल सके। फिलहाल छात्रा के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
इसे भी पढ़ें : IND vs NZ ODI Series 2026: प्रसिद्ध कृष्णा हुए बाहर, आकिब नबी को मिली टीम में जगह; मोहम्मद शमी फिर रह गए बाहर
पुलिस ने शुरू की घटना की जांच
शिवदासपुरा थाना पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एएसआई दयाराम गुर्जर ने बताया कि छात्रा को गंभीर हालत में महात्मा गांधी अस्पताल भेजा गया था, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस CCTV फुटेज, मोबाइल फोन और अन्य जानकारियों के आधार पर घटनाक्रम को समझने की कोशिश कर रही है। घटना के बाद यूनिवर्सिटी को फिलहाल बंद कर दिया गया है। छात्रा की मौत से उसके परिवार और साथी विद्यार्थियों में शोक है।