Rajasthan Hospital Fire Tragedy: जयपुर के सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ। अस्पताल के आईसीयू वार्ड में लगी भीषण आग से आठ मरीजों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि वार्ड के भीतर धुआं फैलने से कई मरीजों का दम घुट गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह बताया जा रहा है। इस हादसे ने अस्पताल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शॉर्ट सर्किट से फैली आग, धुएं ने लिया विकराल रूप
रिपोर्ट के मुताबिक, आग तड़के करीब 3 बजे आईसीयू ब्लॉक में लगी। वहां कुल 24 मरीज भर्ती थे, जिनमें से 11 ट्रॉमा आईसीयू में थे। अचानक आग लगने से पूरे वार्ड में घना धुआं फैल गया, जिससे मरीजों और स्टाफ को सांस लेने में मुश्किल होने लगी। कर्मचारियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी और मरीजों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। लेकिन जहरीले धुएं के कारण आठ मरीजों की जान नहीं बचाई जा सकी। प्रधानमंत्री मोदी ने मरने वालों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं.. उन्होने ट्वीट करते हुए लिखा है कि राजस्थान के जयपुर स्थित एक अस्पताल में आग लगने से हुई जान-माल की हानि अत्यंत दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदना। ईश्वर करे कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों।
दमकल की 10 गाड़ियां पहुंचीं, कई की हालत गंभीर
सूचना मिलते ही दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में कई मरीज झुलस गए या धुएं से बेहोश हो गए, जिनका इलाज जारी है। अस्पताल प्रशासन ने मृतकों के परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा की है।
जांच के आदेश, अस्पताल प्रशासन पर उठे सवाल
राजस्थान सरकार ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की बात सामने आई है। अस्पताल के विद्युत विभाग और मेंटेनेंस टीम से भी जवाब तलब किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरा शोक जताया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।