
बीते दिनों राजस्थान के झावालाड़ में स्कूल की छत गिरने से सात बच्चों की मौत हो गई थी। अब जैसलमेर से एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां छह वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई। जैसलमेर जिले में एक स्कूल के मुख्य गेट की छत गिरने ने यह हादसा हो गया। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई। वहीं एक शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के समय स्कूल की छुट्टी हो गई थी। हादसा स्कूल की छुट्टी के दौरान हुआ, उस दौरान बच्चे स्कूल से बाहर आ रहे थे।
परिजन धरने पर बैठे
यह दर्दनाक घटना रामगढ़ क्षेत्र की है। मरने वाले बच्चे की पहचान अर्बाज खान के रूप में हुई है। घायल शिक्षक का नाम अशोक कुमार सोनी बताया जा रहा है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इस हादसे के बाद बच्चों के परिजन बेहद गुस्से में हैं। अर्बाज के परिवार वाले और रिश्तेदार बच्चे के शव के साथ स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए।
क्या है परिवार की डिमांड?
परिवार वाले दोषियों पर सख्त कार्रवाई डिमांड कर रहे हैं। उन्होंने इसके लिए धरना प्रदर्शन भी किया। हालांकि, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। वह परिजनों से बातचीत कर रही है। इस घटना को लेकर राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने दुख जताया है। उन्होंने राज्य सरकार का घेराव किया। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में इस तरह की घटनाएं बेहद परेशान करने वाली हैं। सरकार को इस केस में तुरंत कदम उठाना होगा।
जानें क्या बोले पूर्व सीएम
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने लिखा, "जैसलमेर के सरकारी स्कूल में गेट गिरने से बच्चे की मौत बहुत ही दुखद घटना है। झालावाड़ के बाद इस तरह की दूसरी घटना है। सरकार को जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।"