मध्य प्रदेश को उसकी नई "ब्यूटी क्वीन" मिल गई है। भोपाल की जान्हवी मल्होत्रा ने मिस यूनिवर्स मध्यप्रदेश 2025 का खिताब जीतकर न सिर्फ शहर का, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। जान्हवी ने लगभग 30 शहरों की प्रतिभाशाली कंटेस्टेंट्स को मात देते हुए यह ताज अपने नाम किया। राजधानी भोपाल में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जान्हवी की खूबसूरती, आत्मविश्वास और प्रतिभा ने जजों को बेहद प्रभावित किया। इस मौके पर जान्हवी ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 में एमपी को रिप्रेजेंट करने की इच्छा जताई है। साथ ही उन्होंने बॉलीवुड और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में भी काम करने की बात कही।
ताज जीतकर जान्हवी ने रच दिया इतिहास
भोपाल के एक प्रतिष्ठित होटल में आयोजित इस प्रतियोगिता में जान्हवी मल्होत्रा ने फिनाले के सभी राउंड में शानदार परफॉर्मेंस दी। उनके आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और जवाबों ने निर्णायकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 रिया सिंघा बतौर चीफ गेस्ट और जज शामिल हुईं, जिन्होंने जान्हवी को मिस यूनिवर्स एमपी 2025 का क्राउन पहनाया।
फिनाले में टक्कर में रहीं ये प्रतिभागी
जान्हवी के साथ टॉप 3 में जगह बनाने वाली दो और प्रतिभागियों ने भी शानदार परफॉर्मेंस दी। प्रतियोगिता की फर्स्ट रनर अप बनीं ताप्ती ठाकुर और सेकंड रनर अप रहीं श्रेया बेड़ियां। दोनों ने प्रतियोगिता के बाद खुशी जाहिर करते हुए मुंबई में ब्रांड्स के साथ काम करने और फैशन इंडस्ट्री में आगे बढ़ने की इच्छा जताई।
राउंड्स में दिखा प्रतिभाओं का जलवा
फिनाले इवेंट में कई आकर्षक राउंड्स का आयोजन किया गया था जिनमें कॉकटेल वियर राउंड, रिसॉर्ट वियर राउंड और इंट्रोडक्शन सेशन शामिल थे। हर राउंड में कंटेस्टेंट्स ने अपनी खूबसूरती के साथ-साथ आत्मविश्वास, चाल-ढाल और कम्युनिकेशन स्किल्स का प्रदर्शन किया।
जान्हवी की आगे की योजना
जान्हवी ने ताज जीतने के बाद कहा कि यह उनके सपनों की शुरुआत है। वे मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 में एमपी का प्रतिनिधित्व करना चाहेंगी और साथ ही अभिनय, सामाजिक कार्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रों में भी काम करना चाहती हैं। उनका यह सफर प्रदेश की युवतियों के लिए प्रेरणा बन सकता है।