
बिहार विधानसभा चुनावों की रणभेरी बज चुकी है. वहीं सोमवार को प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है. इस दौरान जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर भी मौजूद रहे. साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती उपस्थित रहे. बता दें कि पार्टी द्वारा जारी दूसरी लिस्ट में 65 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की गई है.
शिवहर से नीरज सिंह, तो भागलपुर से अभयकांत झा को मिला टिकट
वहीं इस दूसरी लिस्ट में शामिल प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करते हुए बताया गया कि भागलपुर से अभयकांत झा उम्मीदवार होंगे. जबकि डॉ. शाहनवाज बड़हरिया सीट से प्रत्याशी होंगे. इसके अलावा शिवहर से नीरज सिंह, नरकटिया से लाल बाबू यादव, कल्याणपुर से मंतोष सहनी, संदेश से राजीव रंजन सिंह, बाजपट्टी से आजम हुसैन अनवर, हरलाखी से रत्नेश्वर ठाकुर, नरपतगंज से जनार्दन यादव, इस्लामपुर से तनुजा कुमारी को प्रत्याशी बनाया गया है.
लिस्ट में प्रशांत किशोर का नाम नहीं
वहीं पार्टी द्वारा जारी की गई दूसरी लिस्ट को लेकर ध्यान देने वाली बात तो ये है कि इसमें जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर का नाम शामिल नहीं किया गया है. हालांकि राघोपुर सीट को अभी खाली छोड़ा गया है. माना जा रहा है कि प्रशांत किशोर इस सीट से चुनाव लड़ सकते हैं. पहली लिस्ट में 51 और दूसरी लिस्ट में 65 नाम के साथ अब तक कुल 116 सीटों से प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया जा चुका है. वहीं अब तक कुल 116 प्रत्याशियों की सूची में 25 रिजर्व हैं.
पहली लिस्ट में हुई थी 51 उम्मीदवारों की घोषणा
बता दें कि जन सुराज पार्टी ने 9 अक्टूबर को पहली सूची जारी की थी, जिसमें 51 उम्मीदवारों के नामों को शामिल किया गया था. हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया था कि प्रशांत किशोर खुद चुनाव लड़ेंगे या फिर नहीं. पहली सूची में शामिल प्रमुख नामों में बिहार कैडर के पूर्व आईपीएस अधिकारी आर के मिश्रा (दरभंगा), वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता वाई वी गिरि (मांझी), पटना विश्वविद्यालय और नालंदा ओपन विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति केसी सिन्हा (कुम्हरार) और भोजपुरी गायक रितेश रंजन पांडेय (करगहर) का नाम शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें : Pakistan में मचा बवाल, TLP के प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई हिंसक झड़प, 70 लोगों को कुचला, कई घायल
11 अक्टूबर को पीके ने राघोपुर से की औपचारिक शुरुआत
वहीं बात करें प्रशांत किशोर की तो उन्होंने बीते 11 अक्टूबर को राघोपुर से चुनाव प्रचार की औपचारिक शुरुआत कर दी थी. उन्होंने अपने भाषण के दौरान कहा था कि वह तेजस्वी को "अमेठी में राहुल गांधी की तरह" हराएंगे. वहीं जब प्रशांत किशोर राघोपुर पहुंचे थे तो उनका जोरदार स्वागत हुआ था. इसके साथ ही वहां आयोजित की गई जनसभा में पीके ने लोगों से सवाल किया था, आपके स्थानीय विधायक दो बार उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं, क्या आप कभी अपनी समस्या लेकर उनके पास जा पाए हैं? इस पर जनता की मिली-जुली प्रतिक्रिया से संकेत मिल गया था कि तेजस्वी यादव तक पहुंचना आम मतदाताओं के लिए आसान नहीं रहा है.