दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी छात्रों के प्रदर्शन के बीच पुलिस ने संसद मार्ग और आसपास के पूरे इलाके में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। प्रदर्शन स्थल के आसपास कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई है। बैरिकेड्स को लोहे की चेन से आपस में जोड़ा गया है, जबकि सड़क पर लोहे की मोटी शीट्स को कीलों और पेंचों की मदद से मजबूती से फिक्स किया गया है, ताकि किसी भी स्थिति में सुरक्षा घेरा प्रभावित न हो।
संसद मार्ग पर कई स्तर की बैरिकेडिंग
जंतर-मंतर के सामने स्थित संसद मार्ग पर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पूरे इलाके को चारों ओर से घेरते हुए छह से सात लेयर में बैरिकेडिंग की गई है। प्रदर्शन स्थल और संसद मार्ग के बीच सुरक्षा का ऐसा घेरा तैयार किया गया है, जिससे भीड़ की आवाजाही नियंत्रित रहे और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
लोहे की चेन और शीट्स से मजबूत किए गए बैरिकेड
पुलिस ने बैरिकेड्स को केवल खड़ा ही नहीं किया, बल्कि उन्हें लोहे की चेन और रस्सियों से आपस में जोड़ दिया है। इसके नीचे लोहे की मोटी शीट्स लगाई गई हैं, जिन्हें बड़े पेंच, लोहे के एंगल और मजबूत कीलों की मदद से सीधे सड़क में फिक्स किया गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य बैरिकेड्स को अपनी जगह से हिलने या हटाए जाने से रोकना है।
भीड़ बढ़ने के बीच सुरक्षा पर विशेष निगरानी
प्रदर्शन स्थल के आसपास लगातार लोगों की आवाजाही बढ़ रही है। संसद मार्ग की ओर से भीड़ पहुंचने के बीच पुलिस अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है और सुरक्षा व्यवस्था एहतियात के तौर पर मजबूत की गई है।
प्रदर्शनकारियों की संभावित गतिविधियों को देखते हुए तैयारी
सुरक्षा एजेंसियों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यदि प्रदर्शन के दौरान कोई समूह बैरिकेड हटाने या आगे बढ़ने की कोशिश करे, तो सुरक्षा घेरा बरकरार रहे। इसी वजह से बैरिकेड्स को एक-दूसरे से मजबूती से जोड़ा गया है और सड़क पर स्थायी रूप से फिक्स करने जैसी व्यवस्था की गई है। यह इंतजाम पूरे मार्ग पर कई स्थानों पर दिखाई दे रहा है।
पूरे इलाके में सतर्कता, हालात पर लगातार नजर
सुरक्षा व्यवस्था के दौरान कुछ स्थानों पर कीलें ठोकते समय मुड़ गईं, लेकिन उन्हें दोबारा मजबूती से सड़क में फिक्स किया गया। पुलिस का कहना है कि सभी इंतजाम एहतियाती कदमों के तहत किए गए हैं। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा बल तैनात हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।