.jpeg%3Falt%3Dmedia%26token%3Dbe3f870e-2c0b-4bce-9f34-1fd932ae68cc&w=3840&q=75)
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है. इस सीरीज के अब तक तीन मुकाबले खेले जा चुके हैं. इनमें से पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था. वहीं दूसरे मुकाबले में मेजबान ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 4 विकेट से जीत दर्ज की थी. जबकि तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम में शानदार वापसी करते हुए 5 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सीरीज 1-1 से बराबरी पर ला दी. वहीं अब दोनों टीमों के बीच इस टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला 6 नवंबर को क्वींसलैंड के कैरारा ओवल स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के पास एक स्पेशल शतक पूरा करने का शानदार मौका होगा.
100 टी20 इंटरनेशनल विकेट से 2 कदम दूर बुमराह
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है. जिसमें अब वह टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट लेने से केवल 2 कदम ही दूर रह गए हैं. बुमराह ने अब तक 78 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिसमें वह 18.02 के औसत से 98 विकेट लेने में कामयाब रहे हैं. वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस टी20 सीरीज में बुमराह ने अब तक 2 विकेट हासिल कर लिए हैं, जिसमें वह तीसरे मुकाबले में एक भी सफलता हासिल नहीं कर पाए थे. वहीं अब चौथे मुकाबले में उनके पास अपने 100 टी20 इंटरनेशनल विकेट पूरा करने का मौका होगा.
बता दें कि अगर बुमराह ऐसा करने में कामयाब हो जाते हैं, तो वह पहले ऐसे भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे जिनके तीनों ही फॉर्मेट में 100 या उससे ज्यादा विकेट होंगे. बुमराह से पहले अब तक टीम इंडिया का कोई भी गेंदबाज ऐसा करने में सफल नहीं हो सका है. वहीं टी20 इंटरनेशनल में बुमराह दूसरे ऐसे भारतीय गेंदबाज होंगे, जो कि 100 विकेट का आंकड़ा पूरा कर लेंगे. जिसमें उनसे पहले अर्शदीप सिंह ऐसा कर चुके हैं.
सईद अजमल को पीछे छोड़ने का भी मौका
टी20 इंटरनेशनल में जसप्रीत बुमराह का अब तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गेंद से काफी बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला है. जिसमें उन्होंने 17 मैचों में खेलते हुए 24 के औसत से 19 विकेट झटके हैं. वहीं बुमराह के पास चौथे टी20 मैच में पाकिस्तानी टीम के पूर्व गेंदबाज सईद अजमल को पीछे छोड़ने का मौका भी होगा, जिसमें वह एक विकेट लेते ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज बन जाएंगे.