उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक अनोखी और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है. जिसने प्यार, त्याग और इंसानियत की एक मिसाल कायम कर दी है. जिले के सुइथा कला ब्लॉक स्थित सरपतहां थाना क्षेत्र के सराय मोहिउद्दीनपुर बाजार में एक पति ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करवा दी. यह अनूठा विवाह सराय मोहिउद्दीनपुर के दुर्गा मंदिर में संपन्न हुआ, जहां पति ने खुद अपनी पत्नी के प्रेम को सम्मान देते हुए दोनों को सात फेरे दिलवाए और भावुक विदाई दी.
शादी के बाद प्रेमी संग भागी
सूत्रों के मुताबिक, करीब दो साल पहले सराय मोहिउद्दीनपुर क्षेत्र के एक युवक की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र की युवती से धूमधाम से हुई थ. लेकिन शादी के बाद ही यह सामने आया कि युवती का किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध है. विवाह के बाद कुछ समय तक वह ससुराल में रही, फिर मायके चली गई और वहीं से प्रेमी संग लापता हो गई.
पत्नी की हरकतों से परेशान था पति
काफी प्रयासों के बाद पति ने उसे वापस घर लाया और फिर नोएडा ले गया, जहां वह काम करता है. लेकिन पत्नी का प्रेमी से संपर्क बना रहा और वह गुपचुप तरीके से फोन पर उससे बातचीत करती रही. लगातार तनाव से परेशान होकर आखिरकार पति ने एक साहसिक फैसला लिया. सोमवार शाम वह पत्नी को लेकर नोएडा से जौनपुर लौटा और दुर्गा मंदिर पहुंचकर प्रेमी को भी बुलाया.
मंदिर में करा दी शादी
तीनों की सहमति के बाद मंदिर में रस्मों के साथ पत्नी की प्रेमी से शादी करवाई गई. पति ने पूरे रीति-रिवाजों के साथ दोनों को शादी के बंधन में बांधा और भीगी आंखों से उन्हें आशीर्वाद देते हुए विदा कर दिया.
यह अनोखा प्रेम-प्रसंग अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग पति के इस त्याग और उदारता को सच्चे प्यार की मिसाल बता रहे हैं. जहां आमतौर पर ऐसे मामलों में विवाद और हिंसा की खबरें सामने आती हैं, वहीं इस घटना ने इंसानियत और भावनाओं की नई मिसाल पेश की है.