भारत और आयरलैंड के बीच टी20 सीरीज में एक दिलचस्प कहानी सामने आई है। राजस्थान के टोंक के रहने वाले तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा अब आयरलैंड की टीम का हिस्सा हैं। भारत के खिलाफ खेली जाने वाली इस सीरीज में उन्हें अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका मिल सकता है। अगर ऐसा हुआ तो जय मूंदड़ा अपने ही देश भारत के खिलाफ आयरलैंड की जर्सी में मैदान पर उतरते नजर आएंगे।
पढ़ाई के लिए गए थे आयरलैंड
जय मूंदड़ा बचपन से क्रिकेट खेलते रहे हैं। स्कूल क्रिकेट से शुरुआत करने के बाद उन्होंने अकादमी में ट्रेनिंग ली और तेज गेंदबाजी पर लगातार मेहनत की। आगे की पढ़ाई के लिए वह आयरलैंड चले गए लेकिन वहां भी उन्होंने क्रिकेट से दूरी नहीं बनाई। उन्होंने स्थानीय क्रिकेट खेला और अपने प्रदर्शन से आयरलैंड क्रिकेट का ध्यान खींचा। धीरे-धीरे उन्होंने वहां की टीम में जगह बनाने की दिशा में कदम बढ़ाए।
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज
जय मूंदड़ा बाएं हाथ से तेज गेंदबाजी करते हैं और जरूरत पड़ने पर बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। आयरलैंड टीम में उनका चयन ऑलराउंडर विकल्प के तौर पर हुआ है। बाएं हाथ का तेज गेंदबाज किसी भी टीम के लिए खास हथियार माना जाता है क्योंकि उनकी गेंदबाजी का एंगल बल्लेबाजों के लिए अलग चुनौती पैदा करता है। भारत के बल्लेबाजों के सामने जय के पास अपनी पहचान बनाने का बड़ा मौका होगा।
परिवार में खुशी का माहौल
जय मूंदड़ा के आयरलैंड टीम में चुने जाने के बाद उनके परिवार में खुशी का माहौल है। उनकी बहन ने बताया कि जय बचपन से क्रिकेट के लिए मेहनत करते रहे हैं और चयन के बाद पूरा परिवार काफी खुश है। परिवार को उम्मीद है कि जय आयरलैंड के लिए अच्छा प्रदर्शन करेंगे और अपने शहर टोंक का नाम रोशन करेंगे।
इसे भी पढ़ें : Vaibhav को मौका मिला तो कौन होगा बाहर, आयरलैंड सीरीज से पहले टीम इंडिया की सबसे बड़ी पहेली
सिमी सिंह के बाद नई कहानी
भारत में जन्मे कई खिलाड़ी दूसरे देशों के लिए क्रिकेट खेल चुके हैं। पंजाब में जन्मे सिमी सिंह ने भी आयरलैंड के लिए लंबे समय तक क्रिकेट खेला है। अब जय मूंदड़ा के रूप में एक और भारतीय मूल के खिलाड़ी के सामने आयरलैंड के लिए बड़ा मौका है। भारत और आयरलैंड के बीच दोनों टी20 मुकाबले बेलफास्ट में खेले जाएंगे। भारतीय फैंस की नजर वैभव सूर्यवंशी पर होगी तो आयरलैंड के लिए जय मूंदड़ा की संभावित एंट्री भी इस सीरीज को खास बना सकती है।