.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D9bd43c8b-57f4-4074-92de-8125cd20d795&w=3840&q=75)
JDU takes major action: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जेडीयू ने एक और बड़ा कदम उठाते हुए बागी नेताओं पर गाज गिरा दी है। पार्टी ने रविवार को अपनी दूसरी निष्कासन सूची जारी करते हुए विधायक गोपाल मंडल, पूर्व विधायक महेश्वर यादव, पूर्व विधान पार्षद संजीव श्याम सिंह सहित पांच नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया है। बताया जा रहा है कि इन सभी नेताओं पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। जेडीयू का यह एक्शन चुनावी माहौल में सियासी चर्चा का केंद्र बन गया है।
दो दिनों में 16 नेताओं की छुट्टी
इससे पहले शनिवार को भी जेडीयू ने 11 नेताओं को निष्कासित किया था। इस तरह दो दिनों में पार्टी ने कुल 16 नेताओं को बाहर निकाल दिया है। शनिवार की सूची में पूर्व मंत्री शैलेश कुमार, पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह, पूर्व विधान पार्षद रणविजय सिंह और पूर्व विधायक सुदर्शन कुमार जैसे दिग्गज नाम शामिल थे। इनके अलावा आस्मां परवीन, लव कुमार, आशा सुमन, दिव्यांशु भारद्वाज और विवेक शुक्ला को भी पार्टी से निकाला गया था। पार्टी का कहना है कि अनुशासनहीनता और संगठन विरोधी रवैया किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी देखेंःBihar Election: भाषण के दौरान बाहुबली अनंत सिंह का मंच टूटा, समर्थकों संग गिरे नीचे, मचा हड़कंप
चुनाव से पहले बढ़ी सियासी सरगर्मी
बिहार में विधानसभा चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं—पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर और दूसरे की 11 नवंबर को होगी, जबकि परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इस बार मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच है, लेकिन प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज भी समीकरण बदलने की कोशिश में है। जेडीयू की लगातार कार्रवाई से साफ है कि पार्टी चुनाव से पहले अपने संगठन में बागियों के लिए कोई जगह नहीं छोड़ना चाहती। ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि इन निष्कासित नेताओं का अगला राजनीतिक ठिकाना क्या होगा।