
जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सभी कार्य 30 अक्टूबर 2025 तक पूरे कर लिए जाएंगे। इसके बाद नवंबर में उद्घाटन कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा। यह उद्घाटन नवंबर में किसी भी दिन हो सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ शनिवार को हुई महत्वपूर्ण बैठक के दौरान यह बात सामने आई। उद्घाटन के समय जनसभा स्थल को लेकर हुई चर्चा में जो स्थल तय हुआ है सूत्रों का दावा है कि यह जनसभा स्थल एयरपोर्ट के परिसर के निकट ही होगा।
मुख्यमंत्री योगी के निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री पी एम मोदी को जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के तैयारी से अवगत कराने का है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एयरपोर्ट से जुड़ी कंपनी,यमुना, ग्रेटर नोएडा, नोएडा प्राधिकरण, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर मीटिंग की और महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में 2027 में यूपी विधानसभा का चुनाव है और जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के चुनाव अभियान की शुरुआत हो सकती है, उधर देहरादून से दिल्ली एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की संभावित तारीख भी 15 नवंबर के आसपास बताई जा रही है। यह भी संभव है की देहरादून से दिल्ली एक्सप्रेसवे और जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन एक ही दिन हो सकता है।