नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने जेवर एयरपोर्ट के लिए टिकट बुकिंग शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट ऑपरेशन 15 जून 2026 से शुरू होगा। इंडिगो के सिस्टम में अब एयरपोर्ट का IATA कोड DXN भी दिखाई देने लगा है। इसे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आधिकारिक कोड माना जा रहा है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि एयरपोर्ट अब उड़ानों के लिए पूरी तरह तैयार हो रहा है और जल्द यात्रियों के लिए सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।
पहली फ्लाइट लखनऊ से
जानकारी के मुताबिक नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ी पहली कमर्शियल फ्लाइट लखनऊ से आ सकती है। माना जा रहा है कि 15 जून को इंडिगो की पहली फ्लाइट लखनऊ से उड़ान भरकर जेवर एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। एयरपोर्ट के लिए टिकट बुकिंग शुरू होने के बाद अब यात्रियों में भी उत्साह बढ़ गया है। इंडिगो की वेबसाइट और सिस्टम पर DXN कोड दिखना इस बात का बड़ा संकेत माना जा रहा है कि एयरलाइन ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। जल्द ही पूरा फ्लाइट शेड्यूल भी सार्वजनिक किया जा सकता है।
इन शहरों के लिए उड़ानें
15 जून से इंडिगो की स्पेशल उड़ानें लखनऊ-नोएडा-बेंगलुरु-नोएडा-लखनऊ रूट पर चलाई जाएंगी। इसके लिए 6E 2278 और 6E 2279 फ्लाइट नंबर तय किए गए हैं। इसके अलावा 15 जून से हैदराबाद-नोएडा और नोएडा-अमृतसर रूट पर भी रोजाना उड़ानें शुरू होंगी। 16 जून से बेंगलुरु और जम्मू के लिए फ्लाइट सेवाएं शुरू की जाएंगी। वहीं 1 जुलाई 2026 से नवी मुंबई, श्रीनगर, जोधपुर, धर्मशाला, भोपाल, देहरादून, लखनऊ, जयपुर, पंतनगर और चंडीगढ़ जैसे शहर भी जेवर एयरपोर्ट से जुड़ जाएंगे। बरेली और किशनगढ़ के लिए भी जल्द उड़ानें शुरू होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें : Dhoni ने फिर मारी बाजी, Bihar-Jharkhand में सबसे ज्यादा टैक्स देने वाले बने माही, जानिए कितना पे किया टैक्स ?
किराया कितना रहेगा?
15 जून को नोएडा से लखनऊ जाने वाली फ्लाइट संख्या 6E 2279 का किराया 10,861 रुपये तय किया गया है। वहीं लखनऊ से नोएडा आने वाली फ्लाइट 6E 2278 का किराया 11,267 रुपये बताया गया है। बाकी शहरों के लिए किराया अलग-अलग हो सकता है। एयरलाइंस कंपनियां मांग और समय के हिसाब से किराए में बदलाव भी कर सकती हैं। शुरुआती दिनों में यात्रियों की संख्या ज्यादा रहने की संभावना जताई जा रही है।

दिल्ली-NCR को राहत
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली-NCR और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े एविएशन हब के तौर पर विकसित किया जा रहा है। इसके शुरू होने से दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। साथ ही पश्चिमी यूपी और आसपास के शहरों के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी का फायदा मिलेगा। माना जा रहा है कि आने वाले समय में यह एयरपोर्ट देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में शामिल हो सकता है।