.jpeg%3Falt%3Dmedia%26token%3D461e2b56-c282-4d73-98e0-4a322c78c36b&w=3840&q=75)
गाजियाबाद के बृज विहार में गुरुवार को एक ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े लूट की वारदात हो गई. दो बदमाश डिलीवरी बॉय के भेष में दुकान में घुसे और हथियार दिखाकर लाखों के गहने लेकर फरार हो गए. यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
कैसे हुई वारदात?
यह घटना दोपहर करीब 3:30 बजे की है. उस समय दुकान के मालिक बाहर थे और अंदर उनके बेटे शुभम वर्मा और एक नौकर मौजूद थे. तभी दो युवक दुकान में घुसे. उन्होंने Swiggy और Blinkit की टीशर्ट पहन रखी थी, जिससे वो डिलीवरी बॉय लग रहे थे. लेकिन अंदर जाते ही उन्होंने नौकर को धक्का दिया और टीशर्ट ऊपर कर पैंट में खोंसी पिस्टल दिखाई. गालियां दीं और सबको धमकाया.
इसके बाद वो 20 किलो चांदी, 125 ग्राम सोना और करीब 20 हजार रुपये नकद लेकर बैग में भरकर फरार हो गए. दोनों इतने तेजी से निकले कि कोई कुछ समझ ही नहीं पाया.
सीसीटीवी में कैद पूरी घटना
दुकान के सीसीटीवी फुटेज में दोनों बदमाशों की हरकतें साफ नजर आ रही हैं. वो कैसे दुकान में घुसे, गहने कैसे समेटे और कैसे निकल गए सब वीडियो में रिकॉर्ड है. फुटेज में एक बदमाश गालियां देते हुए भी सुना जा सकता है.
पुलिस की जांच तेज
घटना की जानकारी मिलते ही लिंक रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
डीसीपी ट्रांस हिंडन ज़ोन निमिष पाटिल ने बताया कि पुलिस को शाम 4 बजे सूचना मिली थी. सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच हो रही है, पीड़ितों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है क्योंकि यह वारदात एक व्यस्त इलाके में दिन में हुई है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही लुटेरे गिरफ्त में होंगे और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.