
झांसी से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां 38 साल की ब्यूटीशियन मीनू प्रजापति की लाश उसके घर में फांसी पर लटकी मिली. घटना सदर थाना क्षेत्र के भगवंतपुरा गांव की है. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया है और मीनू के लिव-इन पार्टनर इरफान पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. मीनू मूल रूप से गुमनावारा की रहने वाली थी. वह झांसी के नंदनपुरा इलाके के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी. वहीं उसकी मुलाकात सहेली के भाई इरफान से हुई. दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और दोनों ने साथ रहना शुरू कर दिया. मीनू की पहले शादी हो चुकी थी लेकिन छह महीने बाद ही तलाक हो गया. तलाक के बाद वह मायके में रहने लगी थी.
इरफान की असलियत जानकर टूटी मीनू
करीब दस साल से इरफान का मीनू के घर आना-जाना था. इसी बीच उनका रिश्ता लिव-इन तक पहुंच गया. परिजनों का कहना है कि इरफान ने मीनू को शादी का झांसा दिया था. लेकिन हकीकत यह थी कि वह पहले से शादीशुदा था और हाल ही में उसने दूसरी शादी भी कर ली थी. जब मीनू को यह बात पता चली तो वह टूट गई. इरफान का धोखा उसके लिए गहरे सदमे जैसा था. इसी तनाव के बीच रविवार को उसकी मौत हो गई.
ये भी पढ़ें : UP के बाद अब Rajasthan में नीले ड्रम से मिला शव, पत्नी और मकान मालिक का बेटा लापता
मौत पर उठे सवाल
रविवार को मीनू का शव उसके घर में फांसी के फंदे से लटका मिला. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. लेकिन मीनू के भाई और जीजा का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है. उनका आरोप है कि इरफान ने मीनू की हत्या की और सबूत छुपाने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया. परिजनों ने यह भी बताया कि कुछ लोग बिना पुलिस कार्रवाई के जल्द से जल्द लाश का अंतिम संस्कार करने का दबाव बना रहे थे. इससे उनका शक और गहरा हो गया.
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण सामने आएगा. वहीं मीनू का परिवार लगातार इरफान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है और साफ कह रहा है कि जब तक आरोपी पर कार्रवाई नहीं होगी तब तक वह चुप नहीं बैठेंगे.