झांसी में 22 साल की उजाला वंशकार अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए पूरे परिवार के साथ तैयारियों में लगी थी। रविवार को मध्य प्रदेश के भांडेर में शादी थी, और उजाला उत्साह से भरी हुई थी। उसने शादी के लिए किराए पर लहंगा भी बुक किया था। लेकिन परिवार क्या जानता था कि जिस लड़की को तैयार होकर बारात में जाना था, उसी दिन उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा हादसा हो जाएगा। खुशियों से भरा दिन अचानक चीखों और मातम में बदल गया।
स्कूटी से लहंगा लेने निकली और हुआ हादसा
रविवार की सुबह उजाला अपने चचेरे भाई अनुज के साथ स्कूटी से लहंगा लेने निकली। दोनों चिरगांव थाना क्षेत्र की तरफ जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उजाला के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर गिरते ही अचेत हो गई। स्थानीय लोग तुरंत दोनों को सीएचसी ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उजाला को मृत घोषित कर दिया। वहीं अनुज घायल है और उसका इलाज चल रहा है।
सपनों वाली बेटी की मौत से टूट गया परिवार
उजाला पढ़ाई में बेहद होनहार थी और अधिकारी बनने का सपना देखती थी। कक्षा 1 से बीए फाइनल तक हमेशा अच्छे नंबरों से पास हुई। लेकिन उसी बेटी का शव जब घर पहुंचा तो पूरा परिवार बदहवास हो गया। जिस घर में शादी के गीत बजने थे, वहां मातम छा गया। पिता सुरेंद्र और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई की शादी का दिन उजाला के अंतिम सफर का दिन बन गया परिवार इस सदमे से उबर नहीं पा रहा।
इसे भी पढ़ें : Virat Kohli की फैन की ख्वाइश पूरी, जो कहा वो आप भी जान लीजिए !
पुलिस आरोपी चालक की खोज में जुटी
चिरगांव थाना पुलिस के अनुसार हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई थी। घायल युवक का इलाज जारी है। पुलिस ने उजाला का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। परिवार और गांव के लोग न्याय की मांग कर रहे हैं। यह हादसा फिर एक बार साबित करता है कि सड़क पर तेज रफ्तार कितनी जिंदगियां उजाड़ सकती है।